☰
Jharkhand

जितिया पर्व के स्नान के दौरान दामोदर की तेज धार में बह गई सोनाक्षी, तलाश जारी

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD):  बिहार के इस लड़की को काल  कैसे खींचकर कोयलांचल ले आया था? वह तो जितिया पर्व के नहाए खाए के दिन दामोदर नदी में घर वालों के साथ स्नान करने गई थी, लेकिन उसे क्या मालूम था कि शुक्रवार को उसके जीवन में कठिन दौर आएगा।   वह दामोदर में डूब गई है ,उसकी खोज जारी है.  झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद स्थित दामोदर नदी में शुक्रवार को जितिया पर्व के स्नान के दौरान 16 वर्षीय युवती सोनाक्षी कुमारी तेज धार में बहकर डूब गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही सुदामडीह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवती की तलाश शुरू कर दी.

बताया जाता है कि सोनाक्षी कुमारी आरा से लोदना स्थित अपनी नानी के घर आई थी. शुक्रवार को वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जितिया पर्व का स्नान करने अमलाबाद स्थित दामोदर नदी पहुंची थी. परिवार के लोग नदी में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान सोनाक्षी अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गई.सोनाक्षी को डूबता देख उसके मामा अमन उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए. इस दौरान तेज बहाव के कारण दोनों डूबने लगे. हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सोनाक्षी के मामा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन सोनाक्षी तेज धार में बहकर लापता हो गई.

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने सुदामडीह थाना को दी. जानकारी मिलते ही सुदामदीह पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और युवती की तलाश शुरू कर दी. पुलिस ने घटना की जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दे दी है. फिलहाल नदी में युवती की खोजबीन जारी है.मौके पर पहुंचे सांसद प्रतिनिधि गफ्फार अंसारी ने कहा कि दामोदर नदी में हर वर्ष स्नान के दौरान इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं.  बावजूद खतरनाक स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते. उन्होंने कहा कि डेंजर जोन में बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए.उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी सांसद को देकर युवती की तलाश के लिए गोताखोरों की व्यवस्था कराने की मांग की गई है .साथ ही प्रशासन से दामोदर नदी के संवेदनशील घाटों पर स्थायी सुरक्षा इंतजाम करने की भी मांग की जाएगी.