TNP Desk : धनबाद पुलिस के साथ बुधवार की शाम अपराधियों की मुठभेड़ हो गई. कुख्यात अपराधी सागर उर्फ शिबू घायल हो गया है.शिबू के बारे में बताया जाता है कि वह धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में भी नामजद आरोपी था. नीरज सिंह हत्याकांड में बरी होने के बाद फिर उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा और जमशेदपुर के निखार सबलोक हत्याकांड में भी उसका नाम आया .
जानकारी के अनुसार एनकाउंटर में अपराधियों की तरफ से चार राउंड गोलियां चलाई गई है,जबकि पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग की है.
एस एस पी प्रभात कुमार ने अस्पताल में मीडिया को बुधवार को बताया कि धनबाद पुलिस को मंगल वार को सूचना मिली थी कि अपराधियों का एक गिरोह धनबाद पहुंचा हुआ है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में है. उसके बाद पुलिस की टीम गठित की गई . कल से ही छापेमारी शुरू की गई थी .पुलिस अलग-अलग जगह पर रेड कर रही थी. इसी क्रम में पुलिस टीम को पता चला कि निरसा में एक कुख्यात अपराधी ठहरा हुआ है. पुलिस वहां पहुंची तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की. कुल पांच लोग धनबाद पहुंचे थे. जिसमें तीन पकड़े जा चुके हैं .दो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. एस एस पी ने बताया कि उन्होंने जमशेदपुर और सरायकेला पुलिस से भी संपर्क किया है. उन्हें बताया गया है कि जमशेदपुर के होटल मालिक निखार हत्याकांड में सागर उर्फ शिबू स्पॉट पर था. इसके अलावा 2017 के चर्चित हत्याकांड में भी वह नामजद था. उन्होंने कहा कि पांचो अपराधी के पकड़ में आ जाने के बाद पता चल पाएगा कि इनकी मनसा क्या थी और किस उद्देश्य से धनबाद में जमा हुए थे?
