धनबाद(DHANBAD) | दरअसल, चेन छिनतई की बढ़ती घटनाओं के बाद महिलाओं ने अपना निर्णय लगभग बदल लिया है. हालांकि कुछ महिलाएं अभी भी सोने की चेन पहन कर गाहे -बेगाहे निकल जाती है. दो-तीन दिन पहले धनबाद के सरायढेला में महिलाओं से चेन छिनतई हो गई थी. लेकिन अब चेन छिनने वाले अपराधी अपना फोकस एरिया बदल लिया है. अब वह पुरुषों को टारगेट कर रहे हैं. बताया जाता है कि अमूमन चेन पहनने वाले पुरुष अधिक वजन की चेन पहनते है. एक बार अगर अपराधियों के हाथ में ऐसे चेन लग गए, तो वर्तमान दर के आधार पर तीन से चार लाख रुपए की संपत्ति उनके हाथ लग जाती है. धनबाद में यही देखने को मिल रहा है.
हीरापुर में पेट्रोल पंप संचालक को बनाया निशाना ----
जानकारी के अनुसार हीरापुर में पेट्रोल पंप चलाने वाले संचालक से रविवार को अपराधियों ने चेन छिन लिए. इसके अलावे भूली सी ब्लॉक में एक सोने दुकानदार के गले से चेन झपटकर अपराधी फरार हो गए. दोनों भुक्त भोगियों ने थाने में शिकायत कराई है. पेट्रोल पंप संचालक ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह दोपहर करीब 12:00 बजे अपने घर जा रहे थे. पेट्रोल पंप के ठीक सामने ही एक बाइक पर सवार होकर दो युवक पहुंचे, बाइक के पीछे बैठे युवक ने गले से सोने की चेन झपट ली, उसके बाद फरार हो गए.
भूली की बुधनी हटिया में सुबह सात बजे हुई घटना -----
इसके पहले भूली की बुधनी हटिया में सोना दुकानदार सुबह 7:00 बजे ही सब्जी खरीदने को गए थे, तभी मौका पाकर बदमाशों ने उनकी चेन छीन ली. उन्होंने पुलिस को बताया है कि मॉर्निंग वॉक करने के बाद बुधनी हटिया से सब्जी खरीद कर अपनी स्कूटी पर सवार होकर घर लौटते ही वाले थे कि फल दुकान की ओर से काले पल्सर पर सवार होकर दो युवक आए और उनके गले से ₹300000 की कीमती चेन झपटकर निकल गए. उन्होंने हल्ला भी किया लेकिन जब तक लोग समझते, तब तक अपराधी फरार हो चुके थे. पिछले कुछ दिनों से कोयलांचल में चेन छिनतई की घटना थम गई थी, लेकिन फिर घटनाएं शुरू हो गई हैं. लोग बताते हैं कि अपराधियों का यह गिरोह बाहर कहीं से आता है और घटनाओं को अंजाम देने के बाद यहां से निकल भागता है.
