☰
Jharkhand

सेहत से खिलवाड़ : झरिया में पकड़ी गई अवैध बताशा फैक्ट्री ,अब आगे की कार्रवाई में जुटा विभाग

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): दीपावली के बाजार में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोर लोग  सेहत से खिलवाड़ करने में जुटे हैं. धनबाद के झरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को एक ऐसे ही अवैध कारखाने का खुलासा किया. फतेहपुर रोड स्थित दिनेश गुप्ता के कारखाने में छापेमारी कर 210 किलोग्राम प्रतिबंधित रंगों से तैयार बताशा और 150 किलोग्राम मिलावटी सेवई बरामद किये गए. . कुल 360 किलो खाद्य सामग्री मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया.

दीपावली में बाजार में खपाने की थी तैयारी

खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कारखाने में कई अनियमितताएं सामने आईं. अधिकारी के अनुसार, विभाग को सूचना मिली थी कि फतेहपुर गली में बिना वैध लाइसेंस के मिठाई बनाने का काम चल रहा है. जांच में खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित रंगों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई. आशंका है कि इन बताशों को दीपावली के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी थी.

कमरे में बंद कर सील किया गया सामान

कार्रवाई के बाद विभाग ने बरामद बताशा और सेवई को एक कमरे में रखकर सील कर दिया. खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए रांची भेजे जाएंगे. रिपोर्ट आने के बाद कारखाना संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी. विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यहां तैयार खाद्य सामग्री किन-किन दुकानों तक पहुंचाई गई है.उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. छापेमारी में खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंदन कुमार साव, चंद्रदेव मंजू और नैना कुमार नायक भी शामिल थे. विभाग ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों में मिठाई खरीदते समय उसकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें.