Jharkhand

धनबाद में नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत, मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
धनबाद में नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत, मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप

धनबाद(DHANBAD):धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.घटना मटियाला पंचायत के मचामहुल गांव की है.घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामे के बीच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

 मायके वालो ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप

मचामहुल गांव निवासी काशी गोप की 21 वर्षीय पत्नी फुलटुसी देवी की बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गोविंदपुर थाना पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी.इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, धनबाद भेज दिया.मृतका के चचेरे भाई अनिल महतो ने बताया कि फुलटुसी देवी की शादी पिछले वर्ष काशी गोप के साथ हुई थी. शादी में करीब पांच लाख रुपये दहेज भी दिया गया था.आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था.मांग पूरी नहीं होने पर फुलटुसी को प्रताड़ित किया जाता था और बीती रात उसकी हत्या कर दी गई.

गांव में तनाव का माहौल 

इधर घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.पुलिस का कहना है कि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। रिपोर्ट और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस फरार ससुराल पक्ष के लोगों की तलाश में जुटी है। वहीं मृतका के परिजन न्याय की मांग कर रहे है. अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई है.

रिपोर्ट-नीरज कुमार