धनबाद (DHANBAD): विधायक जयराम महतो और बरवाअड्डा थाना प्रभारी के विवाद में नया मोड़ आ गया है. जानकारी के अनुसार विधायक जयराम महतो ने धनबाद के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है. तीन अन्य लोगों की भी अग्रिम जमानत याचिका दायर हुई है. जिनमें सुशील मंडल उर्फ सुशील कुमार, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल शामिल बताये जाते हैं. सूचना के अनुसार 31 अगस्त को मामले पर सुनवाई हो सकती है. दरअसल, मामला अब राजनीतिक रूप ले चुका है. झारखंड की सियासत इस मामले को लेकर गर्म हो गई है.
उल्लेखनीय है कि इस मामले में झारखंड पुलिस एसोसिएशन भी कूद गया है. पुलिस एसोसिएशन ने विधायक की गिरफ्तारी के लिए अल्टीमेट दे दिया है. बरवाअड्डा के बड़ा पिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी ने गणेश दास पर उनके कथित फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर के इस्तेमाल का आरोप लगाया था. गणेश दास जेएलकेएम के नेता हैं. 21 अगस्त को पुलिस ने गणेश दास को पूछताछ के लिए बुलाया था. नहीं आने पर पुलिस उनके घर नोटिस देने गई थी. पुलिस के अनुसार वहां कहा सुनी और गाली गलौज की स्थिति बनी. इसके बाद गणेश दास को हिरासत में लेकर थाना लाया गया था. गणेश दास को पुलिस ने जेल भेज दिया था.
21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना परिसर में इसी मामले को लेकर विधायक जयराम महतो और मुखिया के समर्थकों में विवाद हुआ था. देखते ही देखते दोनों पक्षों में झड़प हो गई थी. जानकारी के अनुसार पुलिस ने भी एक अलग से विधायक जय राम महतो सहित अन्य पर एफआईआर दर्ज की थी. विधायक और थाना प्रभारी के बीच गरमागरम बहस का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था. विधायक का आरोप है कि इसे एडिट कर थाना प्रभारी ने वायरल किया है. जयराम महतो 11 मिनट बातचीत का पूरा ऑडियो जारी करने की मांग की थी. पहली प्राथमिकी के बाद विधायक सहित अन्य पर दूसरी प्राथमिकी भी थाना प्रभारी की शिकायत दर्ज की गई थी. थाना प्रभारी की शिकायत पर दर्ज दूसरी प्राथमिकी में विधायक सहित 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है. साथ ही 40-50 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. इन पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है.
