Jharkhand

हत्या या हादसा:पुटकी में घर के बाथरूम में एक दूसरे से चिपकी मिली महिलाओं की लाश,क्या है बेटी का आरोप

Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist
हत्या या हादसा:पुटकी में घर के बाथरूम में एक दूसरे से चिपकी मिली महिलाओं की लाश,क्या है बेटी का आरोप

धनबाद: धनबाद के पुटकी में एक कमरे में दो महिलाओं की लाश मिलने के बाद सनसनी फैल गई. यह घटना पुटकी बलिहारी क्षेत्र की ए टाइप कॉलोनी में हुई है .यह हत्या है या आत्महत्या, पुलिस इसकी जांच कर रही है.

 हालांकि संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि करंट लगने से दोनों महिलाओं की मौत हुई है. एक को बचाने में दूसरे की जान चली गई होगी.मृतकों की पहचान शोभा सिन्हा और शांति देवी के रूप में हुई है. दोनों की लाश बाथरूम में एक दूसरे से चिपकी हुई मिली. जिसे यह आशंका को बल मिल रहा है कि एक महिला को बचाने की कोशिश में दूसरी भी करंट की चपेट में आ गई होगी .

शांति देवी हरिजन टोला की रहने वाली थी और घरों में दाई का काम करती थी .शोभा सिन्हा 4 महीने बाद गिरिडीह स्थित गांव से लौटी थी. शोभा ने शांति को घर में सफाई के लिए बुलाया था. शांति देवी बुधवार 12:00 बजे दिन में काम के लिए निकली थी. शाम तक जब घर नहीं लौटी तो परिजन तलाश करते हुए शोभा सिन्हा के घर पहुंचे. तो अंदर बाथरूम में दोनों महिलाएं गिरी हुई थी. 

दोनों के शव एक दूसरे से चिपके हुए मिले. सूचना पर पुटकी पुलिस पहुंची. पुलिस ने दोनों लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शांति देवी की पुत्री ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. पुलिस  मामले की जांच शुरू कर दी है. 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा. घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. करंट की आशंका को देखते हुए सबसे पहले कॉलोनी की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई.अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है.