धनबाद(DHANBAD):धनबाद के बरोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई.जहां मुराईडीह स्थित खोदो नदी पुल के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे युवक की घटनास्थल पर ही गंभीर चोटें आईं. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने मुआवजा, आश्रित को नियोजन और आरोपी वाहन की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हरिणा नेहरू चौक मार्ग को जाम कर दिया.सूचना पर विधायक शत्रुघ्न महतो, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया.
ट्रांसपोर्टर के अधीन ड्राइवर के पद पर कार्यरत था अरविंद कुमार
मृतक की पहचान बाघमारा थाना क्षेत्र के पाण्डेडीह निवासी 32 वर्षीय अरविंद कुमार पाण्डेय के रूप में हुई है.बताया जा रहा है कि वह एक निजी कंपनी में ट्रांसपोर्टर के अधीन ड्राइवर के पद पर कार्यरत था.ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौटने के दौरान बरोरा थाना क्षेत्र के मुराईडीह स्थित खोदो नदी पुल के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.हादसे की सूचना मिलते ही बरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को डुमरा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
युवक की मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हरिणा नेहरू चौक सड़क मार्ग को जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा, आश्रित को नियोजन और हादसे के जिम्मेदार अज्ञात वाहन की जल्द पहचान कर कार्रवाई की मांग की. सड़क जाम की सूचना पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो और बाघमारा अंचलाधिकारी गिरजानंद किस्कू मौके पर पहुंचे तथा लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया.
हादसों के बाद सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग
विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि इस मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही है.उन्होंने बताया कि पहले भी यहां हादसों के बाद सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया. फिलहाल बाघमारा और बरोरा थाना की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। पुलिस सड़क जाम हटाने के साथ-साथ अज्ञात वाहन की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट-नीरज कुमार
