Jharkhand

विधायक-पुलिस विवाद में जयराम महतो ने फिर किया पोस्ट, बोले- ‘ना झुकूंगा, ना रुकूंगा, ना टूटूंगा’!

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): झारखंड पुलिस एसोसिएशन और चर्चित विधायक जयराम महतो के बीच आर-पार की छिड़ी लड़ाई के बीच विधायक ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर एक और पोस्ट किया है. उन्होंने कहा है कि मेरी लड़ाई किसी पुलिसकर्मी या पदाधिकारी से व्यक्तिगत नहीं है, मेरी लड़ाई उस पुलिसिया सिस्टम के खिलाफ है, जहां आम जनता के साथ-साथ निचले स्तर के पुलिसकर्मियों का भी शोषण होता है. पुलिसकर्मियों की हर आवाज को केवल मैंने ही सदन में रखने का काम किया है. जब विधानसभा में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों को समय पर भोजन नहीं मिल रहा था, तब मैंने आवाज़ उठाई और उसके बाद उन्हें समय से भोजन उपलब्ध कराया जाने लगा. अफसोस है कि उस समय पुलिस एसोसिएशन के किसी सदस्य का ध्यान नहीं आया और ना ही किसी ने धन्यवाद तक देना जरूरी समझा.

मेरी लड़ाई पुलिसिया सिस्टम के खिलाफ है

उन्होंने आगे कहा है कि मेरी लड़ाई किसी पुलिसकर्मी या पदाधिकारी से व्यक्तिगत नहीं है। मेरी लड़ाई उस पुलिसिया सिस्टम के खिलाफ है, जहाँ आम जनता के साथ-साथ निचले स्तर के पुलिसकर्मियों का भी शोषण होता है. मैंने तो एक गरीब दलित बेटे के पक्ष में बरवाअड्डा थानेदार से सिर्फ इतना कहा था कि बिना वजह किसी को प्रताड़ित न किया जाए. कई नेताओं ने कोयला माफियाओं और दबंगों को थाने से छुड़ाया, तब पुलिस एसोसिएशन कहाँ सो रहा था ?

छात्र आंदोलन के बारे में भी सरकार को घेरा 

आज पूरे झारखंड में हमारी पार्टी छात्रों के अधिकार और उनके भविष्य की लड़ाई को लेकर मुखर है. मैं भी सड़क से सदन तक उनके साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ा हूँ. इस आंदोलन को कमजोर करने के लिए सरकार और घोटालेबाजों के सिंडिकेट द्वारा साजिश रची जा रही है. मुझे इस साजिश में उलझाकर नियुक्ति माफिया और सरकार अपने कारनामों से जनता का ध्यान भटकाना चाहते हैं. सरकार ख़ुद का बचाव कर रही है. लेकिन मैं ना झुकूँगा, ना रुकूँगा, ना टूटूँगा. ये मेरा वादा है आपसे, संघर्ष जारी रहेगा.