Jharkhand

विधायक जयराम महतो की बढ़ी मुश्किलें,बरवा अड्डा थाना प्रभारी की शिकायत पर हुई दूसरी प्राथमिकी,क्या लगे आरोप

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद: धनबाद के बरवा अड्डा थाना परिसर में हुई मारपीट के मामले में डुमरी के विधायक जयराम महतो की मुश्किलें बढ़ती जा रही है. इस मामले में विधायक सहित अन्य पर दूसरी प्राथमिकी भी दर्ज की गई है. थाना प्रभारी की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी में विधायक सहित 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है .

साथ ही 40 ,50 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है. इन पर सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है.इसके पहले विधायक पर बड़ापिछरी की मुखिया के पुत्र की शिकायत पर विधायक जयराम महतो सहित अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया था. 

थाना प्रभारी ने अपनी शिकायत में कहां है कि दिलीप चौधरी ने सोशल मीडिया में लाइव प्रसारण कर हिरासत में लिए गए गणेश दास को पुलिस द्वारा पीटने की झूठी अफवाह फैलाकर थाना में भीड़ जुटाई गई. आरोप है कि लोग थाना के अंदर घुस गए और हंगामा किया. थाना हाजत में बंद आरोपी के पास तक पहुंच गए. 

थाना प्रभारी ने कहा है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. जांच के बाद अन्य आरोपियों के नाम कांड में जोड़े जाएंगे. 

उल्लेखनीय है कि बड़ापिछरी निवासी जेएलकेएम   नेता गणेश दास पर मुखिया यशोदा देवी का फर्जी हस्ताक्षर कर जाति, आवासीय प्रमाण पत्र और वंशावली बनाए जाने का आरोप है. फर्जीवाड़ा के आरोप में गिरफ्तार गणेश दास के पक्ष में पहुंचे विधायक जयराम महतो और मुखिया यशोदा देवी के समर्थकों के बीच थाने परिसर में जमकर मारपीट हुई थी. यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. विधायक जयराम महतो की शिकायत पर भी एक एफआईआर दर्ज की गई है .