☰
Jharkhand

सड़क पर तड़पते घायल के लिए ‘भगवान’ बने जयराम महतो, गमछा फाड़कर रोका खून

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): सड़क पर घायल पड़े एक बाइक सवार के लिए विधायक जयराम महतो उस वक्त “भगवान” बनकर पहुंचे, जब उसे तत्काल मदद की जरूरत थी. विधायक ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायल व्यक्ति का रक्तस्राव रोकने की कोशिश की और उसे अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया. इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय पुलिस को भी घटना की सूचना दी.

दरअसल, विधायक जयराम महतो पश्चिमी सिंहभूम जा रहे थे. इसी दौरान धनबाद जिले के राजगंज–कतरास मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे उन्हें एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा दिखाई दिया. उस समय अंधेरा था और इलाका भी सुनसान था. घायल के माथे और पैर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे काफी खून बह रहा था.

स्थिति को देखते हुए जयराम महतो ने बिना देर किए अपनी गाड़ी रुकवाई. उन्होंने गाड़ी में रखा गमछा निकाला और उसे फाड़कर घायल के चोट वाले स्थानों पर बांधा, ताकि रक्तस्राव को नियंत्रित किया जा सके. इसके बाद अपने अंगरक्षक की मदद से घायल व्यक्ति को अपनी गाड़ी में बैठाया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया.

अस्पताल पहुंचाने के साथ ही उन्होंने स्थानीय थाना प्रभारी को भी घटना की जानकारी दी. घायल को आवश्यक मदद दिलाने के बाद विधायक दूसरी गाड़ी से पश्चिमी सिंहभूम के लिए रवाना हो गए. इस घटना के बाद जयराम महतो के इस मानवीय प्रयास की चर्चा हो रही है.