☰
Jharkhand

धनबाद के आठ लेन सड़क पर देर रात बड़ी सड़क दुर्घटना, दैत्याकार हाईवा की चपेट में आए युवक का सिर धड़ से हुआ अलग

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): जिले के आठ लेन सड़क पर गुरुवार की रात लगभग 9 बजे के आसपास एक दर्दनाक हादसा हो गया. तेज गति के वाहन की चपेट में एक युवक आ गया. घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई.

उसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया. प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया था. दुर्घटना के बाद वाहन चालक  रफ्तार और तेज कर वहां से निकल गया. लोगों के अनुसार तेज गति से दौड़ रहा वाहन हाईवा था. इसके बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई. 

लोगों ने सड़क जाम कर दी. सूचना पर पुलिस भी पहुंची है. लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रही है. दरअसल, दैत्याकार हाईवा धनबाद की सड़कों पर यमराज बनाकर दौड़ते हैं. आठ लेन सड़क पर वैसे भी वाहनों की रफ्तार तेज होती है. 8 लेन सड़क पर लगातार दुर्घटनाएं होती रहती हैं.

रात की बात कौन कहे, दिन में भी दुर्घटना होती है और लोगों की जान चली जाती है. कुछ लोगों की तो जान इसलिए जाती है कि उन्हें सही समय पर इलाज नहीं मिल पाता. वाहन चालक दुर्घटना होने के बाद भागने के फिराक में होते हैं. आज रात की घटना के बाद लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. 

दरअसल, 8 लेन सड़क हो अथवा एनएच सड़क के किनारे वाहन खड़ा होना भी दुर्घटना का एक बड़ा कारण होता है. लगातार चालान काटे जाते हैं लेकिन सड़क से वाहन हटाए नहीं जाते हैं.