Jharkhand

बड़ा खुलासा : कोयला तस्करों  की बीसीसीएल महाप्रबंधक को किसी महिला के साथ ट्रैप कराने की थी योजना 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD):  सूत्रों पर भरोसा करें तो बीसीसीएल के कतरास एरिया के महाप्रबंधक को किसी महिला के साथ ट्रैप  करने की योजना थी. इसकी चर्चा एरिया से लेकर मुख्यालय तक सुनी जा रही है.  यह  अलग बात है कि अपनी सूचना तंत्र के भरोसे महाप्रबंधक कोयला चोर और तस्करों की घेराबंदी को ध्वस्त कर बच गए.  दरअसल, महाप्रबंधक विष्णुकांत झा पर बुधवार की रात हमला करने की कोशिश की गई थी.  इस घटना के बाद क्षेत्रीय कार्यालय में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.  कार्यालय परिसर में आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.  एरिया 4 से 5 जाने वाले कार्यालय के रास्ते को बंद कर दिया गया है.  कंपनी के सुरक्षा गार्ड आगंतुकों का नाम, पता रजिस्टर में दर्ज कर रहे हैं.  संदिग्ध  गतिविधियों पर रिगनरी रख रहे है.  

जीएम की शिकायत पर तेतुलमारी थाने  में मुक़दमा दर्ज ----

इस बीच पता चला है कि महाप्रबंधक की शिकायत पर तेतुलमारी  थाने में प्राथमिकी  दर्ज कर ली गई है.  दरअसल, इस हमले के बाद बीसीसीएल के स्तर पर मंथन किया जा रहा है कि आखिर अधिकारियों को सुरक्षा कैसे दी जाए? अवैध खनन में लगे कोयला चोर और तस्करों पर अंकुश कैसे लगाया जाए? सूत्र तो यह भी बता रहे हैं कि महाप्रबंधक पर हमले के प्रयास की सूचना कोयला मंत्रालय तक को भेज दी गई है.  हो सकता है कि कोयला मंत्रालय कोई बड़ा निर्णय ले.  कोयला मंत्रालय भी बीसीसीएल को लेकर गंभीर है.  वैसे राष्ट्रीय स्तर पर सीआईएसएफ  को अधिक मजबूत किया गया है.  सीआईएसएफ  भी अवैध खनन को लेकर करवाई तेज कर दिया है. 

कोयला चोर -तस्कर कोयला अधिकारियो को कर रहे टारगेट -----
 
इससे कोयला चोर और तस्कर नाराज हुए हैं और वह अब किसी न किसी कारण से बीसीसीएल के कार्रवाइयों को कमजोर करने में लगे हुए हैं.  यह अलग बात है कि कतरास इलाके के कोयला चोर और तस्करों का मनोबल सातवें  आसमान पर है.  कोयला अधिकारियों पर अवैध खनन के खिलाफ एक्शन का दबाव है तो  अधिकारी डरे हुए हैं कि सीआईएसएफ के सुरक्षा घेरा के बीच भी उन पर हमला किया जा सकता है.  उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल के दो महाप्रबंधक पर हमला हो चुका है.  पहले ब्लॉक दो में हमला किया गया था और अब कतरास के महाप्रबंधक उनके निशाने पर हैं. 

पिछले दो महीने में कतरास क्षेत्र में दो बड़ी घटना हो चुकी है ----

बता दे कि  पिछले दो महीने में कतरास क्षेत्र में दो ऐसी घटनाएं हुई हैं , जो पूरी   सिस्टम  और कानून- व्यवस्था की पोल पट्टी खोल रही है.  दोनों  घटनाओं में बड़े कोयला अधिकारियों को टारगेट किया गया . अप्रैल महीने में ब्लॉक दो क्षेत्र के महाप्रबंधक और महाप्रबंधक सुरक्षा पर दिन -दोपहर हमला कर दिया गया था.  उस समय बताया गया था कि हमलावरों ने अधिकारियों को अगवा करने की भी कोशिश की थी. हालांकि सीआईएसएफ की चौकसी की वजह से दोनों अधिकारी अगवा  नहीं हो सके थे. दरअसल, ब्लॉक दो क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे तोड़े जाने की जांच के लिए  जीएम  सिक्योरिटी और एरिया जीएम  पहुंचे थे और यह बात कोयला चोर और तस्करों को नागवार  गुजरी और अधिकारियों को भयभीत करने के लिए उन लोगों ने मारपीट और अपहरण करने की कोशिश की.  इस मामले में एफआईआर  भी दर्ज की गई थी. इधर, बीसीसीएल के कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक  विष्णु कांत झा को भी टारगेट किया गया.