Jharkhand

धनबाद को मिली बड़ी सौगात, 90 लाख से बने पहले आधुनिक फॉरेस्ट रेस्ट हाउस का उद्घाटन

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

धनबाद(DHANBAD):धनबाद वन विभाग को शनिवार को एक नई सौगात मिली है.जहां 8 लेन रोड स्थित वन विभाग के नए कार्यालय परिसर में करीब 90 लाख रुपये की लागत से तैयार धनबाद के पहले आधुनिक फॉरेस्ट रेस्ट हाउस का भव्य उद्घाटन किया गया. इस मौके पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने रेस्ट हाउस परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.धनबाद के वन विभाग कार्यालय परिसर में बने इस आधुनिक फॉरेस्ट रेस्ट हाउस का उद्घाटन सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा, झारखंड वन विभाग के बोकारो रेंज के क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक आर. थंगा पांडियन, उपायुक्त आदित्य रंजन, डीएफओ विकास पालीवाल, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब सहित कई अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया.

वन विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के ठहरने की बेहतर व्यवस्था

करीब 90 लाख रुपये की लागत से तैयार इस रेस्ट हाउस में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मियों के ठहरने की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी.उद्घाटन के बाद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने परिसर में पौधरोपण कर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि धनबाद में आधारभूत संरचनाओं के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को भी गति दी जा रही है. उन्होंने कहा कि यह फॉरेस्ट रेस्ट हाउस विभागीय कार्यों को सुगम बनाने के साथ धनबाद के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा.

विभाग के लिए एक अच्छी पहल

वहीं बोकारो रेंज के क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक आर. थंगा पांडियन ने इसे वन विभाग के लिए एक अच्छी पहल बताया उन्होंने कहा कि कार्यालय के साथ-साथ अब विभाग को अपना रेस्ट हाउस भी मिल गया है, जिससे अधिकारियों को सुविधा होगी.धनबाद में वन विभाग के इस नए फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के शुरू होने से विभागीय गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है.

रिपोर्ट-नीरज कुमार