धनबाद(DHANBAD): धनबाद में शराब दुकान दिलाने के नाम पर एक बड़ी ठगी हुई है. ठगी का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है. खुद को उत्पाद विभाग का अधिकारी बता कर पैसे की ठगी की गई है. रवि कुमार यादव नामक युवक से यह ठगी हुई है. अब वह विभाग- विभाग घूम रहा है, पुलिस के पास जा रहा है कि उसे न्याय दिलाया जाए. वह पुलिस की शिकायत में उन लोगों के नाम भी बताए हैं, जिन लोगों ने उनसे ठगी की है. कृष्णा नगर, ढोखरा निवासी रवि कुमार यादव से कथित तौर पर 14 लाख 4 हजार 300 रुपये की ठगी की गई है.
भुगतान के जो चालान दिए गए वह सभी के सभी फर्जी पाए गए
आरोप है कि युवक को बैंक ऑफ इंडिया के आठ फर्जी चालान थमाए गए और महुदा बाजार तथा छत्रुटांड़ जैसे इलाकों में शराब दुकान का लाइसेंस दिलाने का भरोसा दिया गया. जब लंबे समय तक लाइसेंस नहीं मिला, तो युवक ने अपने स्तर पर छानबीन की. जांच में चालान कथित तौर पर फर्जी निकले। इसके बाद पीड़ित ने बरवाअड्डा थाना में पिता -पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. पीड़ित रवि कुमार यादव के आरोपों के अनुसार, प्रेम कुमार नाम का व्यक्ति खुद को उत्पाद विभाग का अधिकारी बताकर उससे बातचीत करता था। युवक को कथित तौर पर उत्पाद विभाग भी ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति को 10 हजार रुपये दिलाने की बात सामने आई है।
शराब दुकान का लाइसेंस दिलाने के नाम पर ली गई राशि
पीड़ित के मुताबिक, शराब दुकान का लाइसेंस दिलाने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम ली गई। इसमें 5 लाख 50 हजार रुपये, 2 लाख 40 हजार रुपये, 23 हजार 500 रुपये की दो रकम, 1 लाख 30 हजार रुपये, 35 हजार रुपये, 25 हजार रुपये और 12 हजार 300 रुपये शामिल हैं। इन आठ भुगतानों की कुल राशि 10 लाख 39 हजार 300 रुपये होती है। हालांकि, पीड़ित की ओर से कुल ठगी की रकम 14 लाख 4 हजार 300 रुपये बताई गई है। कुछ नगद राशि भी दी गई है. जब युवक को लाइसेंस नहीं मिला, तो उसने चालानों की जांच कराई। आरोप है कि बैंक ऑफ इंडिया के चालान फर्जी पाए गए। इसके बाद पीड़ित ने बरवाअड्डा थाने में शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
