Jharkhand

धनबाद की जलान फैक्ट्री में बड़ा हादसा, मशीन की चपेट में आने से कर्मी की हालत गंभीर

Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer
धनबाद की जलान फैक्ट्री में बड़ा हादसा, मशीन की चपेट में आने से कर्मी की हालत गंभीर

धनबाद (DHANBAD): धनबाद के जलान फैक्ट्री में काम करने के दौरान सोमवार को एक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया.हादसे में आजाद नगर लाल भवन के पास रहने वाले 50 वर्षीय अकरम खान मशीन की चपेट में आ गए.घायल अकरम खान पिछले करीब 20 वर्षों से फैक्ट्री में काम कर रहे है. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है.

काम के दौरान हुआ हादसा

घायल के करीबी नौशाद ने बताया कि अकरम खान पिछले करीब 20 वर्षों से फाइटर के रूप में काम कर रहे थे. हादसे के समय वह मशीन के बेल्ट के पास कुछ काम कर रहे थे. इसी दौरान किसी अन्य व्यक्ति ने मशीन का स्विच ऑन कर दिया, जिससे बेल्ट तेजी से घूमने लगा और अकरम खान उसकी चपेट में आ गए. बेल्ट की तेज रफ्तार के कारण वह दूर जा गिरे, जिससे उनकी पीछे की हड्डी टूट गई.

घायल अकरम खान की हालत गंभीर

नौशाद के अनुसार डॉक्टरों ने अकरम खान की हालत गंभीर बताई है और उनके बचने की संभावना काफी कम बताई जा रही है.हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.घायल के परिजनों और करीबियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि अगर मशीन के स्विच के पास सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी होती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में पहले भी कई दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं, ऐसे में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीरता बरतने की जरूरत है.

रिपोर्ट-नीरज कुमार