☰
Jharkhand

15 अक्टूबर को धनबाद में लगेगा मेगा रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा नौकरी पाने सुनहरा अवसर

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में नौकरी पाने का सुनहरा मौका है. अवर प्रादेशिक नियोजनालय, धनबाद की ओर से 15 अक्टूबर को एक दिवसीय भर्ती कैंप लगाया जाएगा. यह कैंप सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक बरटांड़ स्थित नियोजनालय परिसर में लगेगा. इसमें विभिन्न निजी संस्थानों के कुल 29 पदों पर भर्ती की जाएगी. इस भर्ती कैंप में आठवीं पास से लेकर 12वीं पास, स्नातक, एमबीए और एमकॉम योग्यताधारी अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं. पद के अनुसार न्यूनतम आयु 20 वर्ष और अधिकतम आयु 35 से 55 वर्ष तक निर्धारित की गई है. कुछ पदों पर बिना अनुभव वाले अभ्यर्थियों को भी मौका मिलेगा.

इन संस्थानों में मिलेगी नौकरी

गौतम बुद्ध नैतिक शिक्षा मिशन, आजाद नगर, भूली में क्लाइंट रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव (सीआरई), एचआर, अकाउंटेंट, टेली कॉलर, रिपोर्टर एवं पत्रकार, कंप्यूटर ऑपरेटर और चपरासी समेत कई पदों पर भर्ती होगी. वहीं, इंटरनेशनल वोकेशनल ट्रेनिंग एंड टेक्नोलॉजी रिसर्च इंस्टीट्यूट (आइवीटीटीआरआइ), धनबाद में प्रिंसिपल इंचार्ज, एडमिशन को-ऑर्डिनेटर, स्कूल एडमिशन को-ऑर्डिनेटर, कंप्यूटर ऑपरेटर और टेली कॉलर के पदों पर नियुक्ति की जाएगी. प्रिंसिपल इंचार्ज पद के लिए स्नातक के साथ पांच वर्ष का अनुभव जरूरी है. इंटरनेशनल सेंटर फॉर साइंटिफिक रिसर्च एंड डेवलपमेंट (आइसीएसआरडी) में सोशल मीडिया एग्जीक्यूटिव, एचआर, ऑफिस असिस्टेंट और ड्राइवर के पदों पर भर्ती होगी. इन पदों के लिए धनबाद और बेंगलुरु में कार्य करने का अवसर मिलेगा. सोशल मीडिया एग्जीक्यूटिव पद के लिए स्नातक योग्यता निर्धारित है और फ्रेशर भी आवेदन कर सकते हैं. वहीं, एचआर पद के लिए एमबीए के साथ दो वर्ष का अनुभव जरूरी है.

ये दस्तावेज लाना अनिवार्य

भर्ती कैंप में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का झारखंड के किसी भी नियोजनालय में निबंधन होना अनिवार्य है. उन्हें शैक्षणिक एवं प्रशैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट आकार के फोटो, नियोजनालय निबंधन कार्ड, बायोडाटा की दो प्रतियां और अंचलाधिकारी द्वारा जारी स्थानीय निवासी प्रमाणपत्र साथ लाना होगा. अवर प्रादेशिक नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि चयन की जिम्मेदारी संबंधित निजी नियोजक की होगी. नियोजनालय और विभाग केवल भर्ती प्रक्रिया में सुविधा उपलब्ध कराएंगे. कैंप में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा. इच्छुक अभ्यर्थी पद के अनुसार योग्यता, अनुभव और आयु सीमा की विस्तृत जानकारी नियोजनालय कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं.