☰
Jharkhand

धनबाद के डिप्टी मेयर के भाई के पक्ष में खड़ा हुआ झामुमो ,एफआईआर पर उठए सवाल ,अब आगे क्या ?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद :  डिप्टी मेयर के भाई के पक्ष में खड़ा हो गया है  झामुमो. कह रहा  है कि पुलिस कर्मी अजीत कुमार सिंह के थाने जो FIR दर्ज कराई  है, वह  पूरी तरह से गलत है.  इतना ही हरेन्द्र चौहान के बारे में अपशब्दो का प्रयोग किया गया है.  इसे झारखंड मुक्ति मोर्चा सहन  नहीं करेगा . धनबाद के डिप्टी मेयर अरुण चौहान के भाई हरेंद्र चौहान एक बार फिर विवादों में हैं. उन पर पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. इस मामले में धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं, झामुमो ने इस पूरे मामले को गलत मंशा से की गई कार्रवाई बताते हुए एफआईआर  पर सवाल खड़े किए हैं.
उल्लेखनीय है कि रविवार, 8 नवंबर को झामुमो की धनबाद जिला कमेटी की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई. महानगर अध्यक्ष मंटू कुमार चौहान, आकाश रवानी और मिहिर दत्ता की अगुवाई में आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया गया कि अजीत कुमार सिंह ने गलत मंशा से हरेंद्र चौहान और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.

दरअसल, शुक्रवार को धनबाद थाना में हरेंद्र चौहान, चंदन चौहान समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है . शिकायत के अनुसार, गुरुवार रात अजीत कुमार सिंह अपने दोस्त पुलिसकर्मी पंकज कुमार सिंह के साथ घर लौट रहे थे. इसी दौरान संगम होटल से बारामुड़ी से आगे  आगे पुष्प वाटिका अपार्टमेंट के सामने चार गाड़ियों से रास्ता अवरुद्ध किया गया था. आरोप है कि एक गाड़ी में हरेंद्र चौहान और चंदन चौहान सवार थे, जबकि अन्य गाड़ियों में 8 से 10 लोग मौजूद थे. इनमें कुछ लोगों के पास पिस्टल होने का भी आरोप लगाया गया है.शिकायत के मुताबिक, दोनों पुलिसकर्मियों ने रास्ता देने के लिए गाड़ियों को किनारे करने को कहा. इसी दौरान विवाद और मारपीट की घटना हुई.

प्रेस वार्ता में मंटू चौहान ने दावा किया कि घटना के समय हरेंद्र चौहान मौके पर मौजूद नहीं थे. उनके अनुसार, पूरी घटना हरेंद्र चौहान के ड्राइवर के साथ हुई थी और मारपीट में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हुआ है. उन्होंने दावा किया कि ड्राइवर फिलहाल कोमा में है.मंटू चौहान ने कहा कि अजीत कुमार सिंह की ओर से गलत तथ्यों के आधार पर हरेंद्र चौहान को मामले में फंसाया गया है. उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग की. साथ ही चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो झामुमो का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे मामले को उनके समक्ष रखेगा.धनबाद का राजनीतिक माहौल इन दिनों लगातार गर्म है. कभी सांसद और विधायक आमने-सामने नजर आते हैं, तो कभी पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ जाती है. सांसद के भाई भी विवादों को लेकर चर्चा में रहते हैं, तो कभी नेताओं के बेटे सड़क पर आमने-सामने आ जाते हैं. ऐसे में डिप्टी मेयर के भाई से जुड़ा यह मामला धनबाद की सियासत में एक और नया विवाद बन गया है.प्रेस वार्ता में झामुमो धनबाद महानगर अध्यक्ष मंटू कुमार चौहान, नेता आकाश रवानी, मिहिर दत्ता समेत पार्टी के अन्य सदस्य मौजूद थे.

रिपोर्ट -प्रकाश महतो