Jharkhand

छापेमारी से लौट रही झारखंड पुलिस टीम हादसे का शिकार, ट्रेलर से भिड़ी गाड़ी में एक जवान की मौत, तीन घायल

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया. हजारीबाग पुलिस की एक टीम छापेमारी अभियान पूरा कर लौट रही थी, तभी उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई. इस भीषण हादसे में झारखंड पुलिस के एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है.

जानकारी के मुताबिक, हजारीबाग पुलिस की टीम एक विशेष छापेमारी अभियान के तहत मैथन गई थी. कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी. मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे, जब वाहन धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित जोड़ापीपल पेट्रोल पंप के समीप पहुंचा, तभी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. दुर्घटना में एक जवान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य घायल जवानों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया. पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में ट्रेलर से पीछे की ओर टक्कर होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल पुलिस ने मृतक जवान और घायल पुलिसकर्मियों की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की है. इस हादसे से पुलिस विभाग में शोक की लहर है और मामले की विस्तृत जांच जारी है.