Jharkhand

रिटायरमेंट के पहले जेल: बोकारो में प्रधान सहायक घूस लेते अरेस्ट, एसीबी ने रंगे हाथ दबोचा 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): धनबाद एसीबी को गुरुवार को फिर एक बड़ी सफलता मिली।  बोकारो के पेटरवार प्रखंड कार्यालय के प्रधान सहायक को₹8000 घूस लेते एसीबी की टीम ने गिरफ्तार कर लिया. एसीबी  की टीम उन्हें अपने साथ धनबाद ला रही है.  एसीबी की धनबाद कार्यालय ने इसकी पुष्टि की है.  जानकारी के अनुसार टीम ने प्रखंड परिसर स्थित उनके सरकारी आवास में भी जाकर दस्तावेजों की जांच की है और कुछ कागजात भी जब्त किया है. 

शिकायतकर्ता ने एसीबी को आवेदन देकर कहा था कि ओरदाना पंचायत स्थित प्लस टू हाई स्कूल में 15वें वित्त आयोग की राशि से शौचालय का निर्माण कराया गया था.  इस योजना में कुछ राशि का भुगतान पहले हो चुका था, जबकि बची  राशि के भुगतान के लिए प्रधान सहायक तीन माह से परेशान कर रहे थे.  एसीबी  ने शिकायत की जांच कराई और शिकायत सही मिलने  पर गुरुवार को गिरफ्तारी की योजना बनाई गई. 

 गुरुवार को शिकायतकर्ता  प्रखंड कार्यालय पहुंचे, प्रधान सहायक ने पूछा पैसा लाये  हैं? शिकायत कर्ता  के हां  कहने  पर दोनों कार्यालय परिसर  स्थित एक चाय दुकान पर पहुचें.  वहां शिकायतकर्ता  ने जैसे ही ₹8000 की राशि प्रधान सहायक को दी , सादे लिवास  में पहले से मौजूद  टीम ने  धर दबोचा.  कुछ दिन बाद ही  वह सेवानिवृत होने वाले हैं.