धनबाद (DHANBAD): धनबाद के अंचल अधिकारी से एक करोड़ रुपए रंगदारी मांगने और नहीं देने पर गोली मार देने की धमकी देने के मामले का लगभग खुलासा हो गया है. सूत्रों पर भरोसा करें तो पुलिस ने पांडर पाला से एक युवक को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
खुलासा हुआ है कि पांडर पाल से गिरफ्तार युवक अपने रिश्तेदार को फंसाने के लिए धनबाद के अंचल अधिकारी को रंगदारी का मैसेज भेजा था. पांडर पाला के युवक का अपने रिश्तेदार से विवाद चल रहा है. राजगंज के राजू नामक जिस व्यक्ति के नाम पर धमकी दी गई थी, वह पांडर पाला के युवक का मामा बताया जाता है.
उल्लेखनीय है कि 14 सितंबर की शाम को अंचल अधिकारी के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप और मैसेज भेज कर एक करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी. आरोपी ने रंगदारी की रकम नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी थी. इस मामले को लेकर अंचलाधिकारी ने 24 सितंबर को धनबाद थाना में शिकायत दर्ज कराई थी.
मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस पहले एक व्यक्ति तक पहुंची. फिर मैसेज में दिए गए एसबीआई की राजगंज शाखा के अकाउंट नंबर के जरिए पुलिस राजगंज के खाताधारक राजू से पूछताछ की. राजू बार-बार कहता रहा कि उसने किसी को धमकी नहीं दी है. उसकी मोबाइल की जांच कर ली जाए.
अंचल अधिकारी को जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई है, उसके बारे में भी वह कुछ नहीं जानता. उसने लीड दिया कि उसका अपने भांजे से जमीन विवाद चल रहा है. यह करतूत उसी की हो सकती है. पुलिस जब जांच की तो मोबाइल नंबर किसी और का निकला. जब उस व्यक्ति और राजू की बातों को मिलाया गया तो पता चला कि उस व्यक्ति ने पांडर पाला के युवक को अपना सिम दिया था.
उसी सिम का प्रयोग कर पांडर पाला के युवक ने अपने मामा को फंसाने के लिए षड्यंत्र किया और इसलिए राजू के बैंक खाता का विवरण मैसेज में डाल दिया. हालांकि पुलिस अभी इस मामले की आगे भी जांच कर रही है.
