Jharkhand

धनबाद के जालान फैक्ट्री में घायल कर्मी की इलाज के दौरान मौत, मुआवजा और नौकरी की मांग पर हंगामा

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

धनबाद (DHANBAD):धनबाद के भूली स्थित जालान फैक्ट्री में 29 जून को मशीन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए 50 वर्षीय अकरम खान की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई.मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे. मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग को लेकर लोगों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट को जाम कर प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.इस दौरान गुस्साए लोगों ने कुछ देर के लिए भूली-खरकबाद सड़क भी जाम कर दी. स्थिति को देखते हुए भूली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने में जुट गई.

फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ.उनका कहना है कि अकरम खान परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे. उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. इसी कारण लोगों ने उचित मुआवजे और आश्रित को नौकरी देने की मांग की.मामले को लेकर वार्ड-17 के पार्षद इम्तियाज अंसारी, कांग्रेस नेता नौशाद आलम, खुर्शीद आलम समेत कई गणमान्य लोग भूली ओपी पहुंचे, जहां ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर और फैक्ट्री प्रबंधन के साथ बैठक हुई। वार्ता के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को 8 लाख रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा अंतिम संस्कार के लिए 30 हजार रुपये नकद देने पर सहमति जताई. इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया और स्थिति सामान्य हो गई.

अकरम खान पिछले करीब 20 वर्षों से जालान फैक्ट्री में कार्यरत थे

बताया जाता है कि अकरम खान पिछले करीब 20 वर्षों से जालान फैक्ट्री में कार्यरत थे.29 जून को मशीन की बेल्ट के पास काम करने के दौरान किसी ने मशीन का स्विच ऑन कर दिया, जिससे वह बेल्ट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया.इस हादसे के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर बरती जा रही लापरवाही को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे है.

रिपोर्ट-नीरज कुमार