धनबाद (DHANBAD): धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने एक बार फिर डुमरी विधायक जयराम महतो पर हमला बोला है. यह अलग बात है कि दोनों एक दूसरे पर वार के बाद पलटवार करते रहते हैं. सांसद ने जयराम महतो का नाम तो नहीं लिया है, लेकिन इशारों -इशारों में जयराम महतो को एक बार फिर चुनौती दे डाली है. सांसद ने जयराम महतो पर जनता को धमकाने का आरोप लगाया हैं. बता दें कि इसके पहले सांसद डुमरी विधानसभा में एक कार्यक्रम में गए थे. जिसमें उन्होंने जयराम महतो को डरपोक से लेकर न जाने क्या-क्या कहा था. इसके बाद जयराम महतो ने धनबाद में कहा था कि जो व्यक्ति तीन बार का विधायक ,जिस इलाके से रहा, धनबाद का सांसद बना, उसके इलाके में लगातार धंसान की घटनाएं हो रही है. लेकिन तनिक चिंता नहीं है.
कौन कोयले से बना है और कौन मिट्टी से -पढ़िए
जयराम महतो ने यह भी कहा था कि वह कोयले से बने नहीं है, वह मिट्टी के आदमी हैं और मिट्टी में ही मिल जाएंगें। विधायक ने यह भी कहा था कि "साउथ" में उनकी कोई संपत्ति नहीं है. वह झारखंड के बाहर किसी संपत्ति लेने की कभी सोचते भी नहीं हैं. इसके बाद सांसद ढुल्लू महतो ने रविवार को निरसा के मुगमा में विधायक पर पलटवार किया है. रविवार को भाजपा कार्यकर्ता मिलन समारोह में जयराम महतो का बिना नाम लिए जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि झारखंड के कुछ युवा नेता प्रदेश को लाल खंड बनाने की बात कहते हैं, लेकिन उनका यह सपना कभी साकार नहीं होगा। भाजपा सांसद ने कहा है कि अभी हाल ही में नए-नए उभरे कुछ नेता जनता को डराने -धमकाने की राजनीति कर रहे हैं. जनता को ऐसे लोगों का डटकर विरोध करना चाहिए. आने वाले दिनों में जनता इसका जवाब दे देगी.
सांसद ने झारखंड में गठबंधन सरकार पर भी निशाना साधा
सांसद ने झारखंड की कांग्रेस और झामुमो गठबंधन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के संरक्षण में अपराधियों का मनोबल चरम पर है. जनता का जीना मुश्किल हो गया है. इस कार्यक्रम में दर्जनों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की. सांसद ने सभी का पार्टी में स्वागत किया और कहा कि भाजपा ने देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का काम किया है. उन्होंने निरसा विधानसभा क्षेत्र में कमल खिलाने का आह्वान किया.
माले विधायक अरूप चटर्जी से भी हुआ था टकराव
उल्लेखनीय है कि निरसा में अभी माले के विधायक अरूप चटर्जी हैं. कुछ महीने पहले फ्लाईओवर निर्माण को लेकर विधायक अरूप चटर्जी और सांसद ढुल्लू महतो में बड़ा विवाद हुआ था. निर्माण स्थल पर एक ही दिन और एक ही समय में भाजपा-माले की ओर से सभा की गई थी. कुल मिल-जुला कर फिलहाल धनबाद में राजनेताओं की लड़ाई "त्रिकोण के मुहाने" पर पहुंच गई है. एक तरफ सांसद ढुल्लू महतो और विधायक जयराम महतो हैं, तो दूसरी तरफ सांसद ढुल्लू महतो और विधायक अरूप चटर्जी हैं. देखना है जन प्रतिनिधियों की झिड़ी इस लड़ाई का परिणाम क्या निकलता है ?
