☰
Jharkhand

धनबाद में नेताओं की लड़ाई में अब बेटों की मोर्चाबंदी: ढुल्लू महतो और कारू यादव के बेटे आमने सामने हुए तो कैसे बिगड़ा माहौल?

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद।धनबाद में "पैसा" बोल रहा है,"पावर "की लड़ाई सिर चढ़कर बोल रही है.नेता तो नेता अब उनके वारिस भी पिता के "पावर" का इस्तेमाल कर रहे हैं.धनबाद में बड़े-बड़े नेताओं के बीच चल रही "राजनीतिक पावर" की लड़ाई के बीच अब नेताओं के पुत्रों ने भी मोर्चा संभाल लिया है. पिता के "पावर" का असर अब बेटों पर भी दिखने लगा  है. बात-बात में "पावर "की लड़ाई अब बेटे भी लड़ने लगे हैं. 

धनबाद के प्रभातम मॉल की घटना तो आपको याद ही होगी. लगभग इसी तरह की घटना शुक्रवार की देर शाम बाघमारा के हरिना बाजार में दिखी. यह तो गनीमत थी कि तुरंत पुलिस ने हस्तक्षेप किया और बीच का रास्ता निकाल लिया. अन्यथा स्थिति बिगड़ने के कगार पर खड़ी थी.पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. 

जानकारी के अनुसार बाघमारा के हरिना बाजार में शुक्रवार की देर शाम बजरंगबली मंदिर के समीप सांसद ढुल्लू महतो के पुत्र की गाड़ी और झामुमो नेता कारू यादव के पुत्र की गाड़ी जब आमने-सामने हुई ,तो तनाव बढ़ गया.किसी अनिष्ट की आशंका से लोग परेशान हो गए.बाहर के थानों से भी पुलिस बुला ली गई.दोनों नेताओं के पुत्रों में से कोई पीछे हटने को तैयार नहीं था. पूरे बाजार में अफरा तफरी मच गई. तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी.

रास्ता देने और गाड़ी पीछे करने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते-देखते बहस में बदल गया. दोनों पक्षों में कोई पीछे हटने को तैयार नहीं था. इस दौरान धनतेरस की खरीदारी के चलते बाजार में  भीड़ थी. विवाद शुरू होते ही भीड़ भी जुट गई. दोनों पक्षों के समर्थक भी धमक पड़े. मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि सांसद ढुल्लू महतो की गाड़ी गोमो की ओर से हरिना बाजार पहुंच रही थी. गाड़ी विधायक शत्रुघ्न महतो के पुत्र निशांत चला रहे थे. जबकि बगल की सीट पर सांसद ढुल्लू महतो के पुत्र प्रशांत बैठे थे. 

इसी दौरान बाघमारा की ओर से झामुमो नेता कारू यादव के पुत्र विनोद अपने दो-तीन समर्थकों के साथ गाड़ी से वहां पहुंचे. बजरंगबली मंदिर के समीप दोनों गाड़ियां अपने सामने आ गई .इसके बाद रास्ता देने और गाड़ी पीछे करने को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई. देखते-देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और बाजार में अफरातफरी मच गई. एक दूसरे को देख लेने की धमकी दिया जाने लगा. 

विवाद बढ़ता देख स्थानीय लोगों ने मामले में हस्तक्षेप किया .लोग दोनों पक्षों से अनुरोध करते रहे कि विवाद और मारपीट से पर्व का माहौल खराब हो जाएगा. वह दोनों पक्षों से अपनी-अपनी गाड़ियां हटाकर रास्ता साफ करने की अपील करते रहे. इस बीच मौके पर मौजूद बरोरा पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को हटाया. पुलिस थोड़ी कड़ाई भी दिखाई .बाहर के थानों की पुलिस भी बुला ली गई.

 बाघमारा पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने कारू यादव के पुत्र की गाड़ी अपने साथ थाना ले गई. इस घटना की चर्चा खूब हो रही है. कहा जा रहा है कि नेता तो नेता अब तो उनके वारिस भी टकराने लगे हैं. आपको याद ही होगा कि कई महीने पहले धनबाद के प्रभातम मॉल में गाड़ी आगे पीछे करने को लेकर ही भारी विवाद हुआ था. सांसद ढुल्लू महतो के एक समर्थक और कांग्रेस नेता रणविजय सिंह के पुत्र आमने-सामने हो गए थे. विवाद काफी बढ़ा था. 

घटना के बाद दोनों पक्ष एक दूसरे को खुलेआम चुनौती दे रहे थे. एक पक्ष दूसरे को देख लेने की धमकी दे रहे थे. इसी दौरान उस समय प्रभातम मॉल में घटना के दो दिन बाद दोनों पक्षों का जुटान भी हुआ था. स्थिति बिगड़ती देख धनबाद पुलिस ने लाठी चार्ज किया था. उसके बाद कई लोगों की गिरफ्तारी हुई थी. उसके बाद मामला जाकर ठंडा पड़ा था. अब बाघमारा में विवाद शुरू हुआ है. नेताओं के पुत्र आमने-सामने हुए हैं. एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी है. देखना है यह मामला अब आगे जाकर कहां ठहरता है?