☰
Jharkhand

Illegal Mining: क्या निरसा भी बनेगा बाघमारा -कतरास या निरसा विधायक का कोयला तस्करों पर चलेगा "चाबुक"

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD):  निरसा विधायक और धनबाद सांसद के बीच का विवाद जगजाहिर है.  इधर, शुक्रवार को निरसा  विधायक ने अवैध माइंस पर रेड  करने के बाद कहा कि  वह निरसा  को कतरास- बाघमारा नहीं बनने देंगें,  मतलब अवैध उत्खनन नहीं चलने देंगें।  आपको बता दें कि कतरास- बाघमारा में हाल के दिनों में हुई बड़ी-बड़ी धंसान  की घटनाओं के लिए अवैध उत्खनन को जिम्मेवार बताया गया है.  वैसे भी, निरसा  और कतरास -बाघमारा अवैध उत्खनन के लिए कुख्यात हो गए हैं.   शुक्रवार को तो निरसा विधायक ने जो देखा और कैमरे की नजर से धनबाद के लोगों ने जो समझा, वह किसी सपने से कम नहीं था.  ईसीएल  की बिजली, ईसीएल  का क्वार्टर और ईसीएल  के एरिया में ही अवैध उत्खनन के बाद कोयला चोरी और तस्करी, ऐसा फिल्म में भले ही दिखाया जा सकता हो, हकीकत में कोई इसे सही नहीं मानेगा।  लेकिन शुक्रवार को सब कुछ कैमरे ने कैद किया। 

निरसा में तो मशीन लगाकर कोयला निकालने का खुलासा 
 
निरसा में लगातार बढ़ रही अवैध कोयला खनन की घटनाओं ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वर्तमान में कई अवैध इंक्लाइन में 10 से 20 की संख्या में बाइक सवार अंदर तक जाते हैं. वहां कोयला लोड करने के बाद उसी रास्ते से बाहर निकलकर कोयला लेकर जाते हैं. स्थानीय लोग जब इन्हें रोकने की कोशिश करते हैं ,तो उनके साथ मारपीट  किए जाने की घटनाएं सामने आती हैं. निरसा क्षेत्र में ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं. खासकर राजा कोलियरी और महताडीह इलाके के स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब भी वे अवैध कोयला खनन या चोरी रोकने की कोशिश करते हैं, उनके साथ मारपीट की जाती है. 

बाहर से मजदूर  लाने वाले ठेकेदार आखिर कौन है ?

आरोप है कि आसपास के इलाकों के अलावा जामताड़ा और अन्य स्थानों से भी लोग यहां पहुंचकर कोयला चोरी और अवैध गतिविधियों में शामिल रहते हैं. कुछ स्थानीय ठेकेदारों पर भी लोगों के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए गए हैं, जिससे इलाके का माहौल खराब हो रहा है.निरसा विधायक अरूप चटर्जी का कहना है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उनका कहना है कि अवैध खनन और कोयला चोरी पर रोक लगनी चाहिए, ताकि स्थानीय लोग शांतिपूर्ण माहौल में रह सकें. मामला सिर्फ कोयला चोरी तक सीमित नहीं है. आरोप है कि अवैध खनन में बिजली की भी चोरी की जा रही है.  खदानों में ड्रिल मशीन समेत अन्य उपकरण चलाने के लिए अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे इलाके में बिजली का लोड बढ़ने के कारण बार-बार ट्रिपिंग की समस्या भी सामने आ रही है.

विधायक का दावा : ईसीएम के आवासों से हटेगा अवैध कब्ज़ा 

शुक्रवार को निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने ईसीएल प्रबंधन, सीआईएसएफ और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर क्षेत्र की विभिन्न अवैध कोयला खदानों में छापेमारी की. इस दौरान अवैध खनन और कोयला चोरी की गतिविधियों का जायजा लिया गया.विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि कुछ लोग निरसा को बाघमारा जैसा बनाना चाहते हैं, लेकिन वह ऐसा नहीं होने देंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि ईसीएल के बंद क्वार्टरों पर कब्जा कर बाहर से मजदूरों को लाया जा रहा है और ईसीएल की बंद राजा कोलियरी  के मुहाने से अवैध खनन कर कोयला निकाला जा रहा है. विधायक ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्थिति में निरसा क्षेत्र में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई और निरीक्षण का सिलसिला जारी रहेगा और वह हर दो-तीन दिन में क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे.