धनबाद:धनबाद के बरोरा थाना क्षेत्र में सोमवार को फिर चाल धंसी और एक महिला की मौत हो गई है. बताया जाता है की झुंड में महिलाऔर पुरुष अवैध खनन को गए थे, इसी दौरान चाल धंस गई और एक महिला की मलवे में दबकर मौत हो गई. महिला की उम्र 45 वर्ष के आसपास बताया जा रहा है.
कुछ लोगों का कहना है कि जलावन कोयले के लिए महिला कोयला चुनने गई थी और हादसा हो गया. यह हादसा बीसीसीएल की ए एमपी कोलियरी में हुई बताई गई है. इस घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई. सूचना पर स्थानीय लोग पहुंचे और मलवा हटाकर महिला को बाहर निकाल उसे एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
कहा तो यह भी जा रहा है कि परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है. वह बरोरा की ही रहने वाली बताई जा रही है. कहा जा रहा है कि सोमवार की सुबह कोयला निकालने के लिए महिला ,पुरुष खुली खदान के आसपास पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक चाल धंस गई और महिला मलवे में दब गई. उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी.
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि उसे कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी. वही बीसीसीएल का भी कहना है की घटना उनकी जानकारी में नहीं है.
