Jharkhand

धनबाद में अवैध खनन पर BCCL का बड़ा दांव! WhatsApp पर दें सूचना, तुरंत होगा एक्शन

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): जीरो कोल् लीकेज पॉलिसी को लेकर बीसीसीएल काफी गंभीर है. ताबड़तोड़ एक्शन चल रहा है. पुलिस प्रशासन से भी सहयोग लिया जा रहा है. इस बीच पता चला है कि मैनेजमेंट ने एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया है. आम जनता से अनुरोध किया गया है कि अवैध खनन, अवैध परिवहन तथा भंडारण की सूचना उक्त व्हाट्सएप नंबर पर दे सकते है. उनका परिचय गुप्त रखा जाएगा. जारी किया गया नंबर 9431528406 है. इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति सूचना दे सकता है. उसके बाद टीम एक्शन करेगी. तत्काल कार्रवाई होगी. 

चिन्हित  हॉटस्पॉट  अब पूरी तरह से ड्रोन की निगरानी में 

इधर, धनबाद में बीसीसीएल के सीएमडी को धमकी देने का मामला रांची से लेकर दिल्ली तक पहुंच गया है. यह अलग बात है कि कंपनी के सुरक्षा महाप्रबंधक ने पुलिस में इस बाबत शिकायत कर दी है और पूरा विवरण बताया है. इधर, बताया जाता है कि अवैध खनन एवं कोयला तस्करी को लेकर चिन्हित हॉटस्पॉट की हर दिन, हर समय ड्रोन से निगरानी की जा रही है. पता लगाया जा रहा है कि बंद कराए गए अवैध मुहानो से फिर तो कहीं कोयला खनन का काम नहीं हो रहा है. यह बात भी सच है कि धनबाद कोयलांचल में जीरो कोल् लीकेज पॉलिसी लागू होने के बाद अवैध खनन के मामले कम हुए है. सूत्रों के अनुसार सीआईएसएफ एवं स्थानीय प्रशासन के समन्वय से लगातार अभियान संचालित किया जा रहे है. लगातार तलाशी अभियान चल रहा है.  

कोयलांचल में माफिया गठजोड़ के तौर तरीके एक बार फिर चर्चे में 

बता दे कि अवैध कोयला खनन और तस्करी से कोयला माफिया आर्थिक रूप से इतने मजबूत हो गए हैं कि वह किसी भी कार्रवाई की दिशा मोड़ने की कोशिश करते है. कोयला अधिकारियों के साथ बदसलूकी के बाद अब वह बीसीसीएल के सीएमडी को भी जान मारने की धमकी दिलवा रहे है. इस वजह से कोयलांचल में माफिया गठजोड़ के तौर तरीके एक बार फिर चर्चे  में है. दिल्ली तक इसकी गूंज पहुंच गई है. बीसीसीएल के सीएमडी को धमकी मामले की जानकारी कोलकाता, रांची और दिल्ली तक पंहुचा दी गई है. कोयला मंत्रालय भी हरकत में है. बीसीसीएल के सुरक्षा महाप्रबंधक ने धनबाद के सरायढेला थाने में आवेदन देकर कंपनी के सीएमडी की जान को खतरा को मामले में एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है. आवेदन में जिक्र है कि एक टेंपो में सवार दो लोगों की बातचीत सीआईएसएफ के एक जवान ने सुनी थी. बोला गया कि सीएमडी वापस आ रहा है. पांच पेटी का इंतजाम कर लो, 27 तक साफ कर देना है. कोयल पर बहुत रेड करवा रहा है.