Jharkhand

मानवता शर्मसार! मामा ने 5 साल की मासूम से की दरिंदगी, बच्ची की गई जान

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): जिले के निरसा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. मालिकडीह बस्ती में एक 5 वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के बाद उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब बच्ची घर में अकेली थी. आरोप है कि रिश्ते में मामा लगने वाले मनोज मरांडी ने मौके का फायदा उठाते हुए वारदात को अंजाम दिया. कुछ समय बाद बच्ची गंभीर हालत में मिली, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया.

मासूम की मौत की खबर फैलते ही मालिकडीह बस्ती समेत आसपास के क्षेत्रों में गहरा आक्रोश फैल गया. स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की. लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके.

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद पुलिस सक्रिय हो गई. ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई. देर रात छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी मनोज मरांडी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं बच्ची के शव का वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है. उन्होंने कहा कि दोषी के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

इस घटना ने पूरे जिले को स्तब्ध कर दिया है. पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है, जबकि स्थानीय लोगों ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग उठाई है. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

रिपोर्ट : नीरज कुमार