☰
Jharkhand

साइबर फ्रॉड के "किंगपिन" किस तरकीब से खरीद रहे सोना ,कितने प्रतिशत पर हो रहा यह आपराधिक "खेल ",पढ़िए 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): साइबर फ्रॉड के "किंगपिन " पैसों को इन्वेस्ट करने के लिए भी एक बड़ा और संगठित गिरोह तैयार कर लिए हैं.सीधे वह ठगी के  पैसों से सोना खरीद रहे हैं. इसके लिए अलग -अलग गिरोह तैयार कर लिए हैं. खुलासा हुआ है कि केवल ठगी के  लिए ही साइबर अपराधियों का गिरोह सक्रिय नहीं है, बल्कि ठगी के पैसों को इन्वेस्ट करने के लिए भी कई राज्यों में इनका गैंग  फैला हुआ है. तरीका भी दिलचस्प है. साइबर फ्रॉड के पैसों से अलग-अलग राज्यों की गहनों की दुकान से सोना खरीद रहे है. 

गैंग के सदस्यों को दो से पांच प्रतिशत तक कमिशन मिलता है

 इस काम में गैंग के सदस्यों को दो से पांच प्रतिशत तक कमिशन मिलता है.  इस मामले का खुलासा बंगाल के आसनसोल साउथ  थाना पुलिस ने किया है.  गिरफ्तार युवक धनबाद के गोविंदपुर का रहने वाला बताया गया है.  सूचना के मुताबिक साइबर फ्रॉड की रकम से सोना खरीदने  पहुंचे एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.  गिरफ्तार युवक धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गरगरो  गांव का निवासी है.  आसनसोल बाजार के घांटी  गली स्थित सोना शोरूम में वह 50 ग्राम सोना  खरीदने पहुंचा था. भुगतान के लिए उसने साइबर फ्रॉड से जुड़ी राशि का उपयोग करने का प्रयास किया। इस दौरान शोरूम के कर्मचारियों ने उसे पहचान लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। 

चार अलग-अलग लोगों के नाम के डेबिट कार्ड बरामद हुए हैं

उसके पास से चार अलग-अलग लोगों के नाम के डेबिट कार्ड बरामद हुए हैं. बताया गया है कि इसके पहले भी विष्णु इसी शोरूम से साइबर फ्रॉड की 1.94 लाख  रुपए की रकम से जेवर खरीद चुका था.  यह राशि बैंक खाते में जमा होते ही फ्रीज कर दी गई थी.  बाद में शोरूम मालिक को कानूनी प्रक्रिया के तहत जानकारी मिली कि युक्त  राशि मध्य प्रदेश के भोपाल  में दर्ज साइबर फ्रॉड के एक मामले से जुड़ी है.  विष्णु मुर्मू  दोबारा शोरूम में सोना खरीदने पहुंचा था.  कर्मचारियों ने उसे पहचान लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी.  पुलिस ने उसे हिरासत  में ले लिया।  पुलिस को उसने बताया है कि  2 से 5% तक कमीशन पर सोने की खरीद करते हैं और फिर इसे सरगना तक पहुंचा देते है.