धनबाद(DHANBAD): तो क्या इंडिया गठबंधन धनबाद में बिखर रहा है? क्या अब धनबाद में कांग्रेस, झामुमो , माले और राजद में तालमेल नहीं रह गया है? बुधवार को इंडिया गठबंधन के प्रस्तावित कार्यक्रम में मौजूदगी को लेकर ऐसे सवाल किये जा रहे हैं. इस कार्यक्रम में झामुमो के कोई नेता, कार्यकर्ता नहीं दिखे। राजद की उपस्थिति भी नहीं दिखी। यह अलग बात है कि लाल झंडा लेकर कुछ लोग दिखे जरूर, लेकिन माले के निरसा और सिंदरी विधायक मौजूद नहीं दिखे। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जरूर पूरी ताकत झोंक दी थी.
इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन में नहीं दिखे सहयोगी दल
दरअसल, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा की मांग को लेकर इंडिया ब्लॉक की ओर से आज प्रदर्शन प्रस्तावित था. कार्यक्रम हुआ भी, लेकिन सिर्फ कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता ही दिखे। धनबाद में गांधी सेवा सदन से डीआरएम चौक तक कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता पैदल मार्च किया और ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री के इस्तीफा की मांग की. मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला भी दहन किया गया. धनबाद जिला कांग्रेस प्रभारी शकील अंसारी ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार नियम को ताक पर रखकर भाजपा को फायदा पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. एसआईआर के नाम पर लाखों लोगों के नाम काट दिए गए हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की.
रांची से लेकर दिल्ली तक मचा है हंगामा
उन्होंने घोषणा की कि इंडिया गठबंधन इसका विरोध करता है और जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। दरअसल, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा को लेकर रांची से लेकर दिल्ली तक हंगामा मचा हुआ है. मंगलवार को दिल्ली में इंडिया गठबंधन ने संसद भवन से निर्वाचन सदन तक लोकतंत्र बचाओ मार्च निकला। वहीं रांची में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय का घेराव करने पहुंचे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठियां भांजी। दिल्ली पुलिस ने नीति आयोग के सामने मार्च को रोक दिया था. इसके बाद राहुल ,गांधी प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेता आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर धरना शुरू कर दिए. करीब 8 घंटा धरना देने के बाद पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत अन्य कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में ले लिया। रात 10:00 बजे उन्हें रिहा किया गया.
