Jharkhand

धनबाद में तड़के गोलियों की गूंज, युवक के सीने में फंसी गोली, अवैध लोहा कटिंग विवाद में फायरिंग की आशंका

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): जिले के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र स्थित जामाडोबा डुमरी दो नंबर गली शुक्रवार तड़के गोलियों की आवाज से दहल उठी. सुबह करीब चार बजे हुई फायरिंग की घटना में रिक्की सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. गोली उसके सीने में लगी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह अचानक दो राउंड फायरिंग हुई, जिससे अफरा-तफरी मच गई. गोली लगने के बाद रिक्की सिंह मौके पर ही गिर पड़ा. आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि गोली अभी भी उसके सीने में फंसी हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने मौके से गोली का एक खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है. बरामद सामान को देखते हुए पुलिस अवैध लोहा कटिंग और चोरी के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है.

घायल युवक की पत्नी चंदा कौर ने आरोप लगाया है कि उनके पति सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे, तभी कुछ संदिग्ध युवक वहां मौजूद थे. शोर मचाने पर आरोपियों ने गोली चला दी. उन्होंने हर्ष, गोपु और उनके सहयोगियों पर हमला करने का आरोप लगाया है. उनके मुताबिक इलाके में अवैध लोहा कटिंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और इसी रंजिश में फायरिंग की गई.

इधर एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी. प्रारंभिक जांच में मामला रोपवे लोहा कटिंग और अवैध कारोबार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग के पीछे चोरी, लोडिंग विवाद या वर्चस्व की लड़ाई कारण है. पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में किसी भी प्रकार के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट : नीरज कुमार