धनबाद: धनबाद में मंगलवार को फिर एक बार बड़ी भू धंसान की घटना हुई है. यह घटना मंगलवार की रात 8:00 बजे के लगभग हुई है. तेज आवाज के साथ जमीन फटी और कम से कम आधा दर्जन घर जमींदोज हो गए हैं.लोगों का आशियाना छिन गया है.संपत्ति का भी नुकसान हुआ है.
प्रभावित लोगों का कहना है कि पहले तो उन्हें लगा कि भूकंप आया है .लेकिन उसके बाद तेज आवाज के साथ जमीन फटने लगी और घर जमींदोज हो गए. गनीमत रही की जान माल का नुकसान नहीं हुआ है.बताया जाता है कि बिजली कटी होने की वजह से लोग घरों से बाहर थे.इस वजह से उनकी जान बच गई.
यह घटना घटी है कतरास थाना क्षेत्र के सिलेक्टेड न्यू गोविंदपुर में. घटना के बाद अफरातफरी माहौल बन गया है. लोगों का आरोप है कि अवैध खनन की वजह से जमीन खोखली हो गई है और इस वजह से जब भी बारिश होती है. इलाके में धंसना की घटना हो जाती है.
घटना की सूचना के बाद कतरास पुलिस और बीसीसीएल के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. और राहत कार्य में जुट गए हैं. कोयलांचल में बारिश का मौसम आफत लेकर आता है. आज भी बारिश हो रही है. बारिश का पानी घरों में जाता है और उसके बाद घटना हो जाती है. हाल के दिनों में कतरास इलाके में लगातार घटनाएं हो रही है.
घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस और बीसीसीएल (BCCL) के अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया.स्थिति का जायजा लेने वार्ड नंबर एक की पार्षद डॉ. मधुमाला और डॉ. स्वतंत्र कुमार भी पहुंचे.
उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया और प्रशासन से पीड़ित परिवारों के पुनर्वास तथा उचित मुआवजे की मांग की.
फिलहाल क्षेत्र में तनाव और डर का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस व बीसीसीएल प्रबंधन स्थिति को नियंत्रित करने के लिए खतरनाक क्षेत्र का लाल घेरा से घेराबंदी की और आगे के खतरों को टालने में जुटा हुआ है।
