Jharkhand

कतरास के छाताबाद में फिर फटी जमीन,तालाब का पानी गोफ में जाने से दहशत

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD):  कतरास का छाताबाद इलाका पूरी तरह से भू -धंसान  की चपेट में आ गया है.  छाताबाद काजू बगान में धंसान  की घटनाएं  लगातार बढ़ रही हैं.  शनिवार की सुबह तालाब के समीप अचानक जमीन धंसने  से गोफ  बन गया और तालाब का पानी उसमें जाने लगा.  इसके बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया. बता दें कि  इसी स्थान पर 26 अगस्त को गोफ  बना था.  जिसकी बीसीसीएल प्रबंधन ने भराई  करा  दी थी.  दोबारा उसी स्थान पर जमीन धंसने  से सवाल उठना स्वाभाविक है. 

 ग्रामीणों ने बताया कि 26 अगस्त को बने गोफ  के कारण  तालाब का पानी जमीन के अंदर चला गया था .  तालाब पूरी तरह से सूख गया था.  शनिवार को दोबारा गोफ  बनने  और तालाब का पानी उसमें जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है.  लोग कह रहे हैं कि पानी  इस तरह से जमीन में जा रहा है, तो खतरा कभी भी हो सकता है.  बताया जाता है कि  छाताबाद  के दूसरे छोर पर 7 जुलाई और 7 अगस्त को भी धंसान  की घटनाएं हुई थी. 

 करीब दो दर्ज़न  घर क्षतिग्रस्त हुए थे.  आज की घटना की सूचना मिलने के बाद कोयला अधिकारी मौके पर पहुचें।  गोफ  स्थल की घेराबंदी कराई गई और भराई  का काम शुरू किया गया.  प्रबंधन का कहना है कि गोफ  स्थल घनी आबादी से दूर है, फिलहाल अभी खतरे की कोई बात नहीं है. उल्लेखनीय है कि 
कतरास के सिजुआ में मंगलवार को तड़के  10 नंबर में जमीन फटने से   कई घर धराशाई हो गए  थे. कुछ लोग दब भी गए थे.  जिन्हें लोगों ने किसी तरह बचाया. आधा दर्जन लोगों को चोट आई थी. .दो बच्चे भी दब गए थे. जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई थी. इसके पहले भी धंसान की कई घटनाएं हो चुकी हैं.