धनबाद(DHANBAD): सब कुछ अगर ठीक-ठाक रहा तो धनबाद के लोगों को भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने में अब सहूलियत हो सकती है. धनबाद में ट्रेन में बैठकर वह सीधे भगवान जगन्नाथ के दरबार में पहुंच सकते हैं. दरअसल, धनबाद से भुवनेश्वर के बीच चलने वाली ट्रेन को पुरी तक विस्तार मिलने की उम्मीद बढ़ गई है. दक्षिण पूर्व रेल की ओर से आयोजित क्षेत्रीय रेल उपभोक्ता परामर्श दातृ समिति की बैठक में कई सदस्यों ने इस मांग को मजबूती से उठाया।
अब गेंद रेलवे बोर्ड के पाले में
रेलवे की ओर से बताया गया कि ट्रेन के पुरी तक विस्तार का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को इसी महीने भेजा गया है. स्वीकृति मिलने के बाद पुरी तक विस्तार हो सकता है. इसके साथ धनबाद होकर चलने वाली रांची -कामाख्या एक्सप्रेस का फेरा बढ़ाने की भी कई सदस्यों ने मांग की. रेलवे ने बताया कि रेलवे बोर्ड के पास प्रस्ताव भेजा गया है और स्वीकृत की प्रतीक्षा की जा रही है. इधर , पता चला है कि धनबाद होकर चलने वाली राउरकेला -जयनगर एक्सप्रेस को सप्ताह में 3 दिन के बदले रोज चलाने के प्रस्ताव की स्वीकृति नहीं मिली है.
वनांचल एक्सप्रेस का लोहरदगा तक चलने की संभावना बढ़ी
रांची से भागलपुर जानेवाली वनांचल एक्सप्रेस भविष्य में लोहरदगा से चलाई जा सकती है. इससे रांची के साथ-साथ धनबाद और बिहार-बंगाल के यात्रियों को भी लोहरदगा तक पहुंचने की सीधी ट्रेन मिल सकेगी। लोहरदगा तक विस्तार के मामले में रेलवे की ओर से बताया गया कि पिस्का-टोरी रेलखंड के दोहरीकरण के बाद प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा. दूसरी ओर, बर्द्धमान-हटिया मेमू को गढ़वा तक चलाने का भी प्रस्ताव है. दक्षिण पूर्व रेल ने पूर्व मध्य रेल को बर्द्धमान-हटिया मेमू के गढ़वा तक विस्तार से जुड़ा पत्र भेजा है.
