धनबाद(DHANBAD): धनबाद के मनियाडीह थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधी के बीच हुए एनकाउंटर के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मनियाडीह थाना प्रभारी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज हुई है. प्राथमिकी के अनुसार 13 अक्टूबर की रात गोंदूडीह ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मनियाडीह थाना पहुंचे थे. उन्होंने बताया था कि केंदुआडीह थाना कांड संख्या 74 \ 26 के प्राथमिकी अभियुक्त शंकर डे ने स्वीकारोक्ति बयान में कथित तौर पर लूट की रकम के बंटवारे को लेकर अपने साथी राम प्रताप प्रसाद की गोली मारकर हत्या करने और हथियार माधवजोड़ा घाटी के पुराने यात्री शेड की छत पर छुपाने की बात कही थी. पुलिस के अनुसार रात लगभग 11:00 बजे आरोपी की निशानदेही पर टीम यात्री शेड पहुंची, इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक एएसआई का सरकारी पिस्टल छीन कर पुलिस टीम पर फायरिंग की. चेतावनी के बाद भी नहीं माना, पुलिस ने आत्मरक्षा जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया. उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. शंकर डे कुख्यात अपराधी रहा है.
झारखंड में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन तेज
यह अलग बात है कि झारखंड में अभी अपराधियों के खिलाफ पुलिस का एक्शन तेज है. धनबाद, जमशेदपुर, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, पलामू, चतरा, जामताड़ा समेत अन्य जिलों में कुख्यात अपराधियों ,गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस ने एक्शन लिया है. अपराधियों और पुलिस के बीच एनकाउंटर की घटनाएं हुई है. एक आंकड़े के अनुसार पिछले साल जनवरी महीने से लेकर 14 अक्टूबर 2026 तक लगभग 17 एनकाउंटर हुए है. इनमें से चार अपराधी ढेर किए गए हैं तो 20 से अधिक अपराधी घायल भी हुए है.
धनबाद भी पीछे नहीं ,ताबड़तोड़ हो रहे एनकाउंटर
धनबाद में 14 अक्टूबर 2025 को राजगंज - तेतुलमारी सड़क पर तिलाटांड़ के पास जमशेदपुर के रहने वाले शातिर भानु मांझी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा था. 8 मार्च 2026 को धनबाद पब्लिक स्कूल के बगल में पहाड़ की तलहटी में ठेकेदार से रंगदारी वसूलने आए धनबाद के विनोद नगर निवासी सुदीश ओझा को पुलिस ने एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार किया था. 16 मार्च 2026 को भागा बांध इलाके में पलामू के कुबेर और करकेंद के विक्की डोम को गोली मारी गई थी. भागने के क्रम में एक व्यक्ति का गिरकर पैर टूट गया था. 17 अगस्त 2026 को बरवाअड्डा के निरंकारी चौक के पास पुलिस ने वासेपुर नूरी मस्जिद के पास रहने वाले इरफान अंसारी उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे का एनकाउंटर किया था. 16 सितंबर 2026 को तो बड़ा एनकाउंटर हुआ. इस एनकाउंटर में उत्तर प्रदेश का शार्प शूटर घायल हो गया. उसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया.
निरसा में हुआ था यूपी के शार्प शूटर का एनकाउंटर
निरसा के हाथबाड़ी में मुठभेड़ में पुलिस की विशेष टीम ने पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह और जमशेदपुर के होटल मालिक निखार सबलोक हत्याकांड के आरोपी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का रहने वाले सागर सिंह उर्फ शिबू को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था. शिबू धनबाद में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचा था. एनकाउंटर के एक दिन पहले पुलिस को भनक लगी कि कुछ शातिर अपराधी धनबाद पहुंचे हैं. पुलिस उनके टोह में लगी ,तो पता चला कि यूपी का शार्प शूटर सागर उर्फ शिबू सिंह निरसा में ठहरा हुआ है. पुलिस जब निरसा में उसके ठहरे आवास की घेराबंदी की ,तो वह फायरिंग करने लगा. जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी. उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. कई दिनों तक इलाज के बाद फिलहाल वह धनबाद जेल में बंद है. 21 सितंबर को दिनदहाड़े वासेपुर के भूली मोड़ में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई थी. इस फायरिंग में गैंगस्टर फहीम खान का भाई सानू खान, एक दुकानदार और उत्तर प्रदेश की एक युवती घायल हो गए थे.
वासेपुर में दिनदहाड़े फायरिंग करने वालो का भी हुआ था एनकाउंटर
इसी क्रम में पुलिस जांच पड़ताल तेज की, तो पता चला की लोकल अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. अपराधी ईस्ट बसुरिया के एक खंडहर नुमा मकान में छिपे हुए थे . वहां पुलिस पहुंची तो मुठभेड़ हो गया. मुठभेड़ में चंदन ठाकुर को गोली लगी जबकि उसका एक साथी गिरकर घायल हो गया. पुलिस ने चार लोगों को अरेस्ट किया था. फिर 13 अक्टूबर '2026 की देर रात टुंडी के मानियाडीह में एनकाउंटर हो गया. इसमें कुख्यात शंकर डे को गोली मारकर पकड़ा गया. वह पुलिस का हथियार छीनकर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश कर रहा था.8 मार्च 2026 को रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टीटोस रेस्टोरेंट के वेटर की हत्या के मामले में रांची और धनबाद पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया. पुलिस के अनुसार, प्रिंस खान गिरोह के तीन शूटरों को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया. इनमें दो के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा भागने के दौरान घायल हुआ.
रांची में भी हुए हैं कई एनकाउंटर
इसके बाद 24 अप्रैल 2026 को रांची में जमीन कारोबारी की हत्या के मामले में फरार आरोपी सत्यम पाठक ने पुलिस की घेराबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की. पुलिस ने पहले चेतावनी दी और फिर गोली चलाई. पैर में गोली लगने के बाद उसे हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया.18 जून 2026 को रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमले के एक आरोपी सैफ को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. बताया गया कि वह पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था. इस दौरान पुलिस की गोली उसके पैर में लगी. अभी 4 अक्टूबर 2026 को रांची के बीआईटी थाना क्षेत्र के चुट्टू गांव में पुलिस मुठभेड़ के दौरान चेन स्नेचिंग से जुड़े कोड़ा गैंग के बदमाश रंगीला के पैर में गोली लगी.
पलामू में भी हुआ है पुलिस -अपराधियों में आमना -सामना
3 अप्रैल 2026 को पलामू में समीर खलीफा हत्याकांड के मुख्य आरोपी फैज खान को पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगी. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इससे पहले पलामू के ही मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र में 6 अगस्त 2026 को बजराहा-बैरिया के पास कोयल नदी किनारे हुई मुठभेड़ में कुख्यात सुमित चंद्रवंशी के पैर में गोली लगी. 11 मार्च 2025 को गैंगस्टर अमन साहू को रायपुर से झारखंड लाने के दौरान पलामू के पास पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, उसने भागने की कोशिश की थी.
भुरकुंडा में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़
6 अप्रैल को रामगढ़ के भुरकुंडा में पुलिस और राहुल दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई. इसमें गिरोह का सक्रिय सदस्य सन्नी सिंह घायल हुआ. उसे गिरफ्तार करने के साथ पुलिस ने मौके से दो देसी पिस्तौल, मोबाइल और अन्य सामान बरामद किए. इसके अलावा, 6 जुलाई 2026 को रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में रिवर साइड भुरकुंडा सेंट्रल स्कूल के जर्जर भवन में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान शिवराज राम उर्फ शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया.
कुख्यात उत्तम यादव भी एनकाउंटर में मारा गया था
11 जनवरी 2025 को हजारीबाग के झामुमो नेता संतोष सिंह हत्याकांड के आरोपी राहुल तुरी को रामगढ़ के कुज्जू में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया था.29 अगस्त 2026 को हजारीबाग के दनुआघाटी में पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक अफीम तस्कर घायल हुआ. इससे पहले 22 अगस्त को हजारीबाग के गिद्दी थाना क्षेत्र के पास राहुल दुबे गैंग के दो अपराधियों, बादल कुमार और मोहित कुमार, को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया था.29-30 जुलाई 2026 को बड़कागांव-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर चक्रवार घाटी और आसपास के जंगल में पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई. इस मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह का शूटर सैयद मोहम्मद जीशान पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर देसी पिस्तौल बरामद की, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले.25 अगस्त 2026 को चतरा जिले के टंडवा-पिपरवार थाना क्षेत्र के बसरिया जंगल में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़ हुई. इसमें गिरोह के शूटर विकास कुमार के पैर में गोली लगी थी. 20 सितम्बर को पुलिस के साथ मुठभेड़ में कुख्यात उत्तम यादव मारा गया था. यह एनकाउंटर चतरा -सिमरिया में हुआ था.
कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा पुलिस मुठभेड़ में मारा गया
3 अगस्त 2026 को जामताड़ा में जेल से लाने के दौरान कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. यह घटना राज्य में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की सबसे गंभीर घटनाओं में शामिल रही.जमशेदपुर में 7 अक्टूबर 2026 को मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडिपी रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की. मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल को हथियार बरामदगी के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था. इसी दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों के पैर में गोली लगी.09 जुलाई 2026 स्मृति पार्क क्षेत्र में राहुल हत्याकांड के आरोपी सब्बे को पुलिस हथियार बरामदगी के लिए स्मृति पार्क लेकर गई थी, जहां वह लोडेड हथियार से पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश करने लगा. आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में सब्बे के पैरों में गोली लगी.15 जून 2026 को सिदगोड़ा में चेन स्नैचिंग के आरोपी हरपाल सिंह उर्फ गबरू के साथ सिदगोड़ा में पुलिस की मुठभेड़ हुई. इससे पहले 30 जनवरी 2026 को जमशेदपुर के कैरव गांधी अपहरण कांड में गिरफ्तार गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़ में घायल हुए थे.
