धनबाद: धनबाद जेल में बंद गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान सहित गैंग से जुड़े 11 को प्रदेश के अलग-अलग जेल में शिफ्ट किया जा सकता है. इसकी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
सूचना के मुताबिक जेल प्रशासन ने अदालत से इसकी स्वीकृति मांगी है. प्रस्ताव के मुताबिक प्रिंस खान के भाई बंटी खान को हजारीबाग स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा भेजने की तैयारी है. वहीं अन्य को दूसरे दूसरे जेलों में शिफ्ट किया जा सकता है.
अदालत को दिए आवेदन में जेल प्रशासन ने जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह कदम उठाने की बात कही है. जानकारी यह भी है कि धनबाद पुलिस की ओर से प्रिंस खान से जुड़े अपराधियों को अलग-अलग जेल में भेजने की अनुशंसा की गई थी. इस पर जेल आईजी ने अनुमति दे दी है.
सूत्रों के अनुसार प्रिंस खान गिरोह से जुड़े लोगों की संख्या लगातार बढ़ने और जेल के भीतर उनके प्रभाव को देखते हुए जेल प्रशासन ने यह निर्णय लिया है.
जेल प्रशासन को यह जानकारी मिली है कि बंटी खान, गिरोह के सदस्यों के साथ लोकल जेल में बंद लोगों पर अपना वर्चस्व दिखाने के लिए उन्हें प्रलोभन और भय दिखाकर अपने गुट में शामिल करने का प्रयास कर रहा है. इसे जेल की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा हो सकता है.
