Jharkhand

अब गांव में ही होगा प्राथमिक इलाज, बाघमारा में उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास

Rajnish Sinha
Sr. Copy Editor
अब गांव में ही होगा प्राथमिक इलाज, बाघमारा में उप स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास

बाघमारा (DHANBAD) : धनबाद के बाघमारा विधानसभा क्षेत्र के भीमकनाली और मन्द्रा पंचायत में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है. यहां डीएमएफटी फंड से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र भवन का शिलान्यास विधायक शत्रुघ्न महतो और जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने संयुक्त रूप से किया. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि केंद्र बनने के बाद लोगों को प्राथमिक इलाज के लिए दूर अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा और स्वास्थ्य सेवाएं उनके गांव के पास ही उपलब्ध होंगी

 अपने ही क्षेत्र में मिल सकेंगी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं

विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर पंचायत तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है. इसी दिशा में सभी पंचायतों में उप स्वास्थ्य केंद्र बनाए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को उन्होंने विधानसभा में भी उठाया था ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े. उप स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने के बाद लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अपने ही क्षेत्र में मिल सकेंगी.

ग्रामीणों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी

जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र बनने से आसपास के गांवों के लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या धनबाद सदर अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी. यहां प्राथमिक उपचार के साथ-साथ सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और स्वास्थ्य शिविरों का भी लाभ लोगों को मिलेगा. इससे ग्रामीणों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी.

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता

शिलान्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है. उप स्वास्थ्य केंद्र बनने से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और अन्य मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा. साथ ही टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और जागरूकता कार्यक्रम भी स्थानीय स्तर पर संचालित किए जा सकेंगे.

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में स्वास्थ्य केंद्र की जरूरत महसूस की जा रही थी. अब भवन निर्माण शुरू होने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है.

रिपोर्ट – नीरज कुमार