☰
Jharkhand

झरिया में मूर्ति विसर्जन जुलूस में फायरिंग ,पुलिस ने निजी सुरक्षा गार्ड को पकड़ा,हथियार जब्त कर जांच शुरू

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद: झरिया में प्रतिमा विसर्जन के दौरान हवाई फायरिंग से अफरा तफरी मच गई थी. यह सब शुक्रवार की देर शाम को हुआ बताया गया है. घटना के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है. 

जानकारी के अनुसार मां मंगला चंडी पूजा समिति का विसर्जन जुलूस जब आगे बढ़ रहा था, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी. इस अप्रत्याशित घटना से जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं के बीच हड़कंप मच गया और लोग तरह-तरह की चर्चा करने लगे. सूचना मिलते ही झरिया पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हवाई फायरिंग करने वाले एक विश्व हिंदू परिषद से जुड़े नेता के निजी सुरक्षा गार्ड को हिरासत में ले लिया और उसे थाना ले गई. 

पुलिस ने उसके पास से पिस्टल जब्त कर लिया है. थाने में पूछताछ के दौरान हिरासत में लिए गए गार्ड ने बताया कि उसकी पिस्टल में कार्क फंस गया था. उसे सुरक्षित निकालने के लिए उसने हवा में फायर किया था. क्योंकि कार्क फंसे रहने की स्थिति में कभी भी दुर्घटना हो सकती थी .

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग झरिया थाना पहुंचे. झरिया पुलिस के अनुसार निजी गार्ड द्वारा फायरिंग की खबर पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस पिस्तौल और फायरिंग के उद्देश्य की जांच पड़ताल कर रही है .
 *दिल्ली पुलिस का झरिया में छापा,जामताड़ा के दो को पकड़ा* 
 इधर, यह भी सूचना है कि दिल्ली पुलिस ने  झरिया में छापेमारी की है .यह छापेमारी साइबर अपराधियों को पकड़ने के लिए की गई थी. सूचना के मुताबिक कतरास मोड़ स्थित एक मकान में छापेमारी कर साइबर ठगी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. 

दोनों आरोपियों पर दिल्ली के कारोबारी से मोबाइल के जरिए 1 लाख 49हज़ार की साइबर ठगी करने का आरोप है. दिल्ली के शाहदरा साइबर थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस के अनुसार इस घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी झरिया में आकर छिपे थे. गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को झरिया थाना लाकर पूछताछ की गई .

उसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर शुक्रवार को दिल्ली रवाना हो गई. दोनों जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. फिलहाल व झरिया में ठिकाना बनाए हुए थे.