धनबाद: धनबाद से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई है. धनबाद की जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग के खिलाफ एफआईआर होगी. जानकारी के अनुसार अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार भगत की ओर से दायर शिकायत वाद पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने धनबाद थाने को जिला शिक्षा अधीक्षक के खिलाफ एफआईआर करने का आदेश दिया है.
यहां बता दें कि इससे पहले जिला शिक्षा अधीक्षक के आवेदन पर सुनील कुमार भगत और सियाराम प्रसाद सिंह के खिलाफ धनबाद थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. मामला 10 अक्टूबर की तिथि से जुड़ा बताया जाता है.
शिकायत वाद में आरोप लगाया गया था कि संघ के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार भगत अपने साथियों और महासचिव सियाराम प्रसाद सिंह के साथ आठ सूत्री मांग पत्र को लेकर मिश्रित भवन स्थित उनके कार्यालय उस दिन गए थे.
बैठक के दौरान कतरास और बाघमारा की मासिक गुरु गोष्ठी अलग-अलग आयोजित करने और फाइलों के समय पर निष्पादन की मांग पर कुछ विवाद हो गया. आरोप लगाया गया है कि इस पर नाराज जिला शिक्षा अधीक्षक ने गैर संसदीय भाषा का प्रयोग किया और बैठक को बीच में ही छोड़कर जाने लगी.
शिक्षकों के आग्रह के बावजूद उन्होंने चालक को गाड़ी तेजी से आगे बढ़ाने को कहा और इसी क्रम में जान मारने की नीयत से सुनील कुमार भगत को धक्का दे दिया. दूसरी ओर जिला शिक्षा अधीक्षक ने धनबाद थाना में एफआईआर दर्ज कराते हुए सुनील कुमार भगत और सियाराम सिंह पर वाहन रोकने सहित अन्य गंभीर आरोप लगाए थे.
अब दस तारीख का विवाद यूनियन और अधिकारी के बीच की लड़ाई के रूप में तब्दील होता दिख रहा है.
