Jharkhand

धनबाद के थाने में हाई वोल्टेज फैमिली ड्रामा के बाद मारपीट, महिला दारोगा की वर्दी फाड़ी तो हुआ एक्शन

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद: धनबाद के धनसार थाना में शुक्रवार की शाम उस समय हंगामा मच गया, जब शादी कर एक प्रेमी जोड़ा थाने में सुरक्षा के लिए पहुंचा था. थाने में लड़की को देखकर घर वाले उग्र हो गए. परिजनों ने थाने में ही लड़की की पिटाई शुरू कर दी. 

बीच बचाव कर रही  महिला दारोगा और थाने के मुंशी पर भी हमला बोल दिया गया. बताया जा रहा है कि मारपीट करने वालों ने महिला दारोगा की वर्दी फाड़ दी और मुंशी को जमीन पर पटक कर गला दबाने की कोशिश की. इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल ने स्थिति को संभाला .फिर हंगामा करने वालों से प्रेमी जोड़े की जान बचाई.

 जानकारी के अनुसार महिला दारोगा ने थाने में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठा कर पूछताछ कर रही थी. उनके पास कोर्ट मैरिज का सर्टिफिकेट भी था. इस बीच लड़की ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है और वह बालिग है. वह अपने माता-पिता के घर नहीं बल्कि अपने पति के घर जाना चाहती है. यह बात सुनकर उसके परिजन उग्र हो गए. उसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी गई. 

इस मामले में महिला दारोगा के बयान पर धनसार थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. अब सीसीटीवी की फुटेज के आधार पर पुलिस साक्ष्य जुगाड़ कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.