☰
Jharkhand

धनबाद के चांदमारी में लाश मिलने से सनसनी, मौत की वजह तलाश  रही पुलिस, चोट के निशान से गहराया संदेह 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): धनबाद के चांदमारी कोलियरी के पास बुधवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान 40 वर्षीय कारू मांझी के रूप में हुई है. वह जोड़ा फाटक स्थित दरभंगिया बस्ती के रहने वाले थे. मंगलवार शाम को घर से किसी काम के लिए निकले कारू वापस नहीं लौटे थे. परिजन रातभर उनके लौटने का इंतजार करते रहे. बुधवार को उनका शव मिलने की खबर आई तो परिवार में मातम छा गया.घटना की जानकारी मिलते ही धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया. इसी दौरान वहां पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान कारू मांझी के रूप में की. उनके शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.

गिरने से हुई मौत या कोई और वजह, जांच में जुटी पुलिस

धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि चांदमारी के पास शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. शुरुआती जांच में गिरने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, किसी दूसरी घटना में मौत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी.मृतक के भाई टिंकू मांझी ने बताया कि कारू मंगलवार शाम को शौच के लिए घर से निकले थे. काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिजन परेशान हो गए थे. इसी बीच बुधवार को उनके शव मिलने की सूचना मिली.

परिजनों ने किसी से दुश्मनी से किया है इंकार 

टिंकू के अनुसार, कारू कारपेंटर का काम करते थे. वह रोजाना मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. परिजनों ने किसी से दुश्मनी होने की बात से इनकार किया है. हालांकि, उन्हें आशंका है कि उनके भाई के साथ कोई अनहोनी हुई होगी.फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. कारू मांझी की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

TagsCRIME