Jharkhand

धनबाद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, विधायक जयराम महतो से बात की जिद पर घंटों हाईवोल्टेज ड्रामा

Diksha Benipuri
Diksha Benipuri
Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के बादलपुर काजी टोला में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब 24 वर्षीय जाहिद अंसारी अचानक मोबाइल टावर पर जा चढ़ा. युवक को टावर के ऊपर देखकर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. घटना की सूचना मिलते ही टुंडी थाना की पुलिस टीम भी वहां पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे लाने की कोशिश शुरू कर दी.

बताया जा रहा है कि जाहिद सुबह करीब 8 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ा था. टावर के ऊपर पहुंचने के बाद उसने अपनी कुछ मांगें पुलिस और स्थानीय लोगों के सामने रखीं. युवक का कहना था कि उसकी बात सीधे मुख्यमंत्री या विधायक जयराम महतो से कराई जाए. पुलिस और ग्रामीणों ने उसे काफी देर तक समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे आने के लिए तैयार नहीं हुआ.

काफी प्रयास के बाद पुलिस ने विधायक जयराम महतो से युवक की फोन पर बातचीत कराई. बातचीत के दौरान युवक ने अपनी परेशानी उनके सामने रखी. इसके बाद जाहिद टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गया. उसके सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली.

नीचे उतरने के बाद पुलिस ने युवक को अपने कब्जे में लेकर उससे पूछताछ शुरू की. टुंडी थाना प्रभारी उमाशंकर ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी. काफी देर तक बातचीत और समझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.

पुलिस के मुताबिक, युवक ने टावर पर चढ़ने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट रूप से नहीं बताई है. मामले को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है. वहीं, जाहिद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अपनी समस्या सीधे सरकार तक पहुंचाना चाहता है. पुलिस अब उसके बयान और अन्य जानकारी के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है.