Jharkhand

धनबाद: महिला ने बच्चे के साथ आग लगाकर किया आत्महत्या का प्रयास, फिर छत से कूदी...

Rashmi Prasad
Rashmi Prasad
Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): जिले के भूली थाना क्षेत्र के आजाद नगर से बुधवार को एक घटना सामने आई जहां  एक महिला ने अपने 10 माह के मासूम बेटे के साथ कथित तौर पर आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया. इतना ही नहीं, आग लगाने के बाद महिला बच्चे को लेकर छत से नीचे कूद गई और बगल में स्थित एक अधिवक्ता के कार्यालय में जा गिरी. इस घटना में महिला और उसका मासूम बेटा गंभीर रूप से झुलस गए. आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल इलाज के लिए असर्फी अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है. घटना के बाद इलाके बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए.

जानकारी के मुताबिक, आजाद नगर निवासी इमामुल अंसारी की बहू और शाहनवाज अंसारी उर्फ राजा की पत्नी सहाना खातून ने अपने 10 माह के बेटे फैजान के साथ कथित तौर पर आग लगा ली. इसके बाद वह बच्चे को लेकर छत से नीचे कूद गई. महिला और बच्चे के गिरने के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल मदद की और दोनों को अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए परिजनों तथा आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है.

घटना के बाद सहाना के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने बताया कि उनकी बेटी का ससुराल में विवाद चल रहा था और घटना से एक दिन पहले भी सहाना तथा उसके पति के बीच विवाद हुआ था. उन्होंने पूरे मामले में साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं, सहाना के पति शाहनवाज अंसारी उर्फ राजा ने मायके वालों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उसका कहना है कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था और अपने माता-पिता के साथ सामान लाने बाहर गया था. घर लौटने पर भीड़ देखकर उसे घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार के लोगों ने सहाना और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस सभी पक्षों के बयानों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.