Jharkhand

मानसून की पहली बारिश में डूबा धनबाद, कई इलाकों में जलजमाव से जनजीवन प्रभावित

Priyanka Kumari CE
Priyanka Kumari CE
Sr. Content Writer

धनबाद(DHANBAD):धनबाद में मानसून की दस्तक के साथ ही शहर की बदहाल जल निकासी व्यवस्था एक बार फिर उजागर हो गई है. पहली ही अच्छी बारिश के बाद जिले के कई इलाकों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.सड़कों पर पानी भर जाने से वाहनों की रफ्तार थम गई और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई.धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर, लुबी सर्कुलर रोड, नगर निगम कार्यालय के समीप, धनबाद क्लब के सामने तथा अन्य प्रमुख मार्गों पर जलजमाव के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.

पढ़िये स्थानीय लोगों का क्या कहना है

स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर नालियों की सफाई और ड्रेनेज सिस्टम का रखरखाव नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति उत्पन्न होती है.धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि शहर में जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद के विकास के लिए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में हजारों करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार और नगर निगम की उदासीनता के कारण अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो सके.उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कई बार विधानसभा में भी उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है.

शहर के प्रमुख इलाकों में जलजमाव

वहीं, समाजसेवी सुभाष रवानी ने कहा कि अभी बारिश की शुरुआत ही हुई है, इसके बावजूद शहर के प्रमुख इलाकों में जलजमाव हो गया है.उन्होंने कहा कि जब महत्वपूर्ण सड़कों की यह स्थिति है, तो अन्य क्षेत्रों का हाल सहज ही समझा जा सकता है.उन्होंने नगर निगम और राज्य सरकार से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की मांग की.

रिपोर्ट-नीरज कुमार