धनबाद (DHANBAD): धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां लोधारिया जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान बोकारो जिले के पेटरवार निवासी 26 वर्षीय बीरेंद्र नायक के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारकर जांच शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार, बीरेंद्र नायक अपनी ससुराल आया हुआ था. मंगलवार सुबह टुंडी थाना क्षेत्र के लोधारिया जंगल स्थित दुर्गाडीह गांव के समीप एक पेड़ से शव लटका होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे. परिजनों का कहना है कि बीरेंद्र 14 जून की शाम करीब चार बजे से लापता था. उनका आरोप है कि गोविंदपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर स्थित ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर शव को जंगल में पेड़ से लटका दिया, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके.
मृतक की बहन ने भी ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. वहीं, पुलिस परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को भी जांच के दायरे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है.
रिपोर्ट : नीरज कुमार
