Jharkhand

धनबाद गोलीकांड मामला, घायल युवक और दोस्त के बयान ने उलझाया मामला, जांच जारी

Varsha Varma CE
Varsha Varma CE
Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए कथित गोलीकांड ने अब नया मोड़ ले लिया है. शुरुआती तौर पर इसे लूट और सड़क अपराध का मामला माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की गहन जांच में अब यह घटना कोयला खनन क्षेत्र में चल रही वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ी होने के संकेत मिल रहे हैं.

बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि घायल युवक रवि बख्श राय और उसके साथी दिवाकर सिंह के बयानों में कई गंभीर विरोधाभास सामने आए हैं. दोनों के बयान एक-दूसरे से मेल नहीं खा रहे, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है.

घटना सोमवार तड़के करीब 3 बजे की बताई जा रही है, जब तोपचांची थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली लगने की सूचना पुलिस को मिली थी. घायल रवि बख्श राय को तुरंत शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, धनबाद में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल से प्रारंभिक पूछताछ की.

, घटना के दौरान तीन राउंड फायरिंग हुई थी, जिसमें दो गोलियां युवक के दोनों पैरों में लगीं. घायल ने बयान दिया कि वह अपने मित्र के साथ पल्सर एनएस बाइक से देवघर जा रहा था, तभी तोपचांची बाजार के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और बाइक लूट ली.

हालांकि, पुलिस को घटनास्थल की जांच में न तो खून के निशान मिले और न ही किसी तरह के खाली खोखे बरामद हुए. इस वजह से पुलिस को इस कहानी पर संदेह हुआ और मामले की दिशा बदल गई.

एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह संभावना सामने आई है कि असली घटना दुग्दा थाना क्षेत्र में कोयला कारोबार से जुड़े वर्चस्व संघर्ष के दौरान हुई हो सकती है. इसके बाद घायल को धनबाद लाकर तोपचांची क्षेत्र में लूट की झूठी कहानी गढ़ी गई हो.

पुलिस अब दुग्दा क्षेत्र में जाकर वास्तविक घटनास्थल की जांच करने की तैयारी में है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और सच्चाई जल्द सामने लाई जाएगी. फिलहाल, यह मामला सड़क पर हुई लूट की घटना है या कोयला कारोबार से जुड़ी आपसी रंजिश का नतीजा इस पर से अभी तक पूरी तरह पर्दा नहीं उठा है. पुलिस की आगे की जांच ही इस रहस्य से पर्दा हटाएगी.

   रिपोर्ट- नीरज कुमार