Jharkhand

Dhanbad Police in Full Swing: पढ़िए-अब तक के एनकाउंटर में कौन-कौन और कितने अपराधी पकड़े गए 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार कार्यभार ग्रहण करने के बाद से ही कह रहे हैं कि अपराधी जिस भाषा में समझेंगे, उन्हें उसी भाषा में समझाया जाएगा, लेकिन आम नागरिकों के सुख-चैन से उन्हें खिलवाड़ करने नहीं दिया जाएगा, चाहे वह कोई भी हो. बुधवार की रात वासेपुर भूली मोड़ फायरिंग कांड के अपराधी को धनबाद पुलिस ने बुधवार की रात एनकाउंटर में घायल कर दिया है. गोली दोनों तरफ से चली थी, लेकिन अपराधियों पर पुलिस भारी पड़ी और चंदन ठाकुर पुलिस की गोली से घायल हो गया. उसका एक और साथी भागने के क्रम में गिरकर चोटिल हुआ है. दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है. 

23 अक्टूबर 2023 को छोटू नामक अपराधी को लगी थी गोली 
 
इसके पहले धनबाद पुलिस ने 23 अक्टूबर 2023 को छोटू नामक अपराधी को  मटकुरिया  में पैर में गोली मारी थी. उस पर आरोप था कि बैंक मोड़ के एक कार पार्ट्स दुकानदार के जबड़े में गोली दाग दी थी. फिर 14 अक्टूबर 2025 को राजगंज-तेतुलमारी सड़क पर तिलाटांड़ के पास जमशेदपुर के रहने वाले शातिर भानु मांझी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा था. 8 मार्च 2026 को धनबाद पब्लिक स्कूल के बगल में पहाड़ की तलहटी में ठेकेदार से रंगदारी वसूलने आए धनबाद के विनोद नगर निवासी सुदीश ओझा को पुलिस ने एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार किया था. 16 मार्च 2026 को भागा बांध इलाके में पलामू के कुबेर और करकेंद के विक्की डोम को गोली मारी गई थी. भागने के क्रम में एक व्यक्ति का गिरकर पैर टूट गया था. 

17 अगस्त 2026 को बरवाअड्डा के निरंकारी चौक के पास हुआ था एनकाउंटर 
 
17 अगस्त 2026 को बरवाअड्डा के निरंकारी चौक के पास पुलिस ने वासेपुर नूरी मस्जिद के पास रहने वाले इरफान अंसारी उर्फ टुन्ना और पुटकी निवासी नाजिर अंसारी उर्फ नन्हे का एनकाउंटर किया था. 16 सितंबर 2026 को तो बड़ा एनकाउंटर हुआ. इस एनकाउंटर में उत्तर प्रदेश का शार्प शूटर घायल हो गया. उसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया. निरसा के हाथबाड़ी में मुठभेड़ में पुलिस की विशेष टीम ने पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह और जमशेदपुर के होटल मालिक निखार सबलोक हत्याकांड के आरोपी उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का रहने वाले सागर सिंह उर्फ शिबू को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था. शिबू धनबाद में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचा था. एनकाउंटर के एक दिन पहले पुलिस को भनक लगी कि कुछ शातिर अपराधी धनबाद पहुंचे हैं. पुलिस उनके टोह में लगी, तो पता चला कि यूपी का शार्प शूटर सागर उर्फ शिबू सिंह निरसा में ठहरा हुआ है. पुलिस जब निरसा में उसके ठहरे आवास की घेराबंदी की, तो वह फायरिंग करने लगा. जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी. उसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. कई दिनों तक इलाज के बाद फिलहाल वह धनबाद जेल में बंद है. 

21 सितंबर को दिनदहाड़े वासेपुर के भूली मोड़ में हुई थी फायरिंग 

इधर, 21 सितंबर को दिनदहाड़े वासेपुर के भूली मोड़ में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई थी. इस फायरिंग में गैंगस्टर फहीम खान का भाई सानू खान, एक दुकानदार और उत्तर प्रदेश की एक युवती घायल हो गए थे. तीनों का इलाज चल रहा है. इसी क्रम में पुलिस जांच पड़ताल तेज की, तो पता चला की लोकल अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. बुधवार की रात एसएसपी को सूचना मिली कि अपराधी ईस्ट बसुरिया के एक खंडहरनुमा मकान में छिपे हुए हैं. वहां पुलिस पहुंची तो मुठभेड़ हो गया. मुठभेड़ में चंदन ठाकुर को गोली लगी जबकि उसका एक साथी गिरकर घायल हो गया. पुलिस ने चार लोगों को अरेस्ट किया है.