Jharkhand

धनबाद : उमेश यादव हत्याकांड पर फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर लोगों ने मांगा 15 लाख मुआवजा

Shreya Upadhyay  CE
Shreya Upadhyay CE
Content Writer & Copy Editor

धनबाद (DHANBAD): आटा मिल कर्मी उमेश यादव की हत्या के विरोध में सोमवार को धनबाद-झरिया मुख्य मार्ग पर बस्ताकोला के समीप लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन सड़क पर उतर आए तथा मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को 15 लाख रुपये मुआवजा देने और हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.

जानकारी के अनुसार, उमेश यादव एक निजी आटा मिल में कार्यरत थे और कई वर्षों से वसूली तथा कलेक्शन का काम संभाल रहे थे. रविवार को वह ग्राहकों से बकाया राशि लेकर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान गोंदूडीह ओपी क्षेत्र के हिल टॉप आउटसोर्सिंग के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया. सोमवार को मृतक के परिजन, स्थानीय लोग और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि धनबाद में लगातार आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है. लोगों का कहना है कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.

सड़क जाम के कारण धनबाद-झरिया मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया.

पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच तेज गति से की जा रही है. जांच में लूटपाट और पुरानी रंजिश दोनों पहलुओं को ध्यान में रखा गया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं.

रिपोर्ट : नीरज कुमार