☰
Jharkhand

Dhanbad News: ट्रक-स्कूटी की टक्कर के बाद सड़क पर हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा, ASI ने क्यों उतारनी शुरू कर दी वर्दी

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद (DHANBAD): धनबाद में एक सड़क हादसे के बाद ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। मामला बलियापुर थाना क्षेत्र के रंगामाटी स्थित DAV स्कूल के पास का है, जहां गुरुवार को ट्रक और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी ट्रक के नीचे जा घुसी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हालांकि, गनीमत रही कि स्कूटी चालक इस हादसे में बाल-बाल बच गया.

बलियापुर थाने की पुलिस पहुंची तो क्या हुआ ?

घटना की सूचना मिलते ही बलियापुर थाने के ASI अनिल कुमार पुलिस गश्ती दल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने दुर्घटना की जानकारी लेने के बाद दोनों वाहनों को थाने ले जाकर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही. लेकिन मामला उस वक्त उलझ गया, जब मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने क्षतिग्रस्त स्कूटी के बदले नई स्कूटी देने की मांग शुरू कर दी. लोग पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे. ASI अनिल कुमार ने काफी देर तक लोगों को समझाने की कोशिश की और कानूनी प्रक्रिया का हवाला दिया, लेकिन विरोध थमता नजर नहीं आया.

घटना को लेकर घंटो गहमागहमी बनी रही 

लगातार हो रहे विरोध के बीच ASI अनिल कुमार ने अचानक अपनी वर्दी उतारनी शुरू कर दी. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब लोग खुद ही कानून के मुताबिक कार्रवाई करना चाहते हैं, तो वे अपनी वर्दी उतारकर दे रहे हैं, लोग खुद ही कार्रवाई कर लें. इस घटनाक्रम के बाद मौके पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही. सड़क हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई, चालक सुरक्षित बचा, लेकिन दुर्घटना के बाद मुआवजे की मांग और पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया.