Jharkhand

धनबाद एक बार फिर आग में झुलसने से बच गया,पढ़िए पॉश इलाके में कैसे भड़की आग 

Satya Bhushan Singh   Dhanbad
Satya Bhushan Singh Dhanbad
Senior Journalist

धनबाद(DHANBAD): धनबाद के बैंक मोड़ क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए आगजनी की घटनाएं हमेशा चिंता का विषय रही हैं. इलाके की संकरी गलियों और तंग रास्तों के कारण दमकल की गाड़ियां अक्सर समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच पातीं, जिससे आग पर काबू पाना काफी मुश्किल हो जाता है और बड़े हादसे का खतरा बना रहता है. एक बार फिर ऐसा ही मामला सामने आया, जहां बैंक मोड़ स्थित शांति भवन बिल्डिंग के बिजली मीटर में अचानक आग लग गई. यह घटना लगभग दस बजे की है. 

देखते ही देखते पूरे भवन में अफरा-तफरी मच गई और फ्लैटों में रहने वाले लोग अपनी जान बचाने के लिए आनन-फानन में नीचे उतर आए. आग लगते ही बिल्डिंग के फ्लैटों में रहने वाले लोग सुरक्षित बाहर निकले. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संकरे रास्ते के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी. दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया. 

शांति भवन के बगल स्थित मधुलिका इन्क्लेव के लोगों ने फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. शांति भवन के निवासियों ने बताया कि बिल्डिंग में अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है. दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों की सूझबूझ व तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया. सबसे चिंताजनक बात यह रही कि जिस स्थान पर आग लगी, उसके ठीक बगल में जनरेटर रूम भी संचालित है. यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था.